गन्ना क्रय केंद्रों पर किसानों ने किया हंगामा
औने-पौने दामों में दलालों को बेचने को मजबूर किसान अजीमनगर पुलिस को तोलमैन के खिलाफ तहरीर दी है आठ किसानों ने
जागरण संवाददाता, स्वार : गन्ना क्रय केंद्रों पर किसानों का गन्ना तौलमैन द्वारा कम तौलने पर क्षुब्ध किसानों ने केंद्र पर हंगामा किया। तौलमैन के खिलाफ थाना अजीमनगर पुलिस को तहरीर दी है।
किसान मिलें चलने के बाद भी काफी परेशान हैं। एक तरफ किसान अपनी गेहूं की फसल बोने के लिए गन्ने को औने-पौने दामों में दलालों एवं बिचौलियों को बेचने को मजबूर हैं। वहीं मिल प्रबंधतंत्र ने सर्वे के नाम पर फर्जी तरीके से अन्य फसलों पर गन्ना दर्शा पर्चियां हासिल कर ली हैं, जिसके कारण गन्ना माफिया किसानों पर हाबी होते जा रहे हैं। किसानों का गन्ना औने-पौने दामों पर खरीदकर पर्ची से मिल में डाल मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। किसान पर्ची न मिलने के कारण काफी परेशान हैं। सैकड़ो एकड़ जमीन में गन्ने की फसल खेती करने के बावजूद किसान खुशहाल नहीं है। नकदीकरण का भी अभाव है, इसलिए किसान कम रेट में नकद भुगतान पर गन्ना दलालों को बेच रहे हैं, ताकि रकम अगली खेती में खर्च की जा सके। क्रय केंद्रों पर तोलमैन मनमानी कर रहे हैं। केंद्रों पर घटतौली की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। किसान अपने आपको लुटा पिटा महसूस कर रहे हैं। बुधवार को गांव सोनकपुर क्रय केंद्र पर घटतौली को लेकर किसानों ने हंगामा शुरु कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने शांत कराया।
किसान मोबिन अली, हाजी असगर अली, अकबर अली, जगदीश, हरी सिंह, सुभान अली, इब्ने हसन, रिजवान अली ने थाना अजीमनगर पुलिस को तोलमैन के खिलाफ तहरीर दी है।