पहले गैर कांग्रेसी सांसद थे राजेंद्र शर्मा
रामपुर लोक सभा क्षेत्र से दो बार सांसद रहे राजेंद्र कुमार शर्मा का कोरोना से निधन हो गया।
रामपुर, जासं: राजेंद्र शर्मा रामपुर से दो बार सांसद चुने गए। सबसे पहले 1977 में लोकदल के टिकट पर चुनाव जीते। वह रामपुर के पहले गैर कांग्रेसी सांसद बने। इससे पहले तमाम सांसद कांग्रेसी ही बनते रहे। 1991 में वह भाजपा के टिकट पर सांसद चुने गए थे। लेकिन, 1996 में हुए लोकसभा चुनाव में हार गए। इसके बाद 2004 में भी वह भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़े। लेकिन, जीत नहीं सके। पिछले काफी समय से वह राजनीति में सक्रिय नहीं थे। लेकिन, उनके पुत्र अमित शर्मा सपा में शामिल हो गए थे।
नवेद ने जताया शोक पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने पूर्व सांसद रहे राजेन्द्र शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राजेन्द्र शर्मा बहुत अच्छे इंसान थे। उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में किसी का अहित नहीं किया। हर वर्ग में वह लोकप्रिय थे और उन्होंने हमेशा ही उसूलों की राजनीति की। हमारे बीच उनका न रहना दुख की बात है। मेरी शोक संवेदना उनके परिवार के साथ है।