मोबाइल पर बात करना पड़ा महंगा, करंट से मौत
जागरण संवाददाता, मिलक : साढू के घर मेहमानदारी में आए युवक की करंट लगने से मौत हो गई
जागरण संवाददाता, मिलक : साढू के घर मेहमानदारी में आए युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक सिपाही लाल कपनेरी गांव का रहने वाला था।
रविवार को वह अपने रिश्ते के साढू राजेश की पुत्री के जन्मोत्सव में सपरिवार धनेली उत्तरी गांव आया था। शाम चार बजे वह छत पर मोबाइल से बात कर रहा था। इसी दौरान उसका हाथ हाइटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कपनेरी गांव निवासी सिपाही लाल की पत्नी निशा और ढाई वर्षीय पुत्री भी साथ में आई थी। खुशी का माहौल था। सभी लोग दावत खाने में व्यस्त थे। इसी दौरान शाम चार बजे उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। वह मोबाइल पर बात करते हुए छत पर चढ़ गया। मकान की छत से सटकर गुजर रही बिजली लाइन दिखाई नहीं दी। उसका हाथ लाइन से छू गया। करंट लगते ही जोर का झटका लगा और चीखता हुआ छत पर गिर गया। उसकी चीख सुनकर दावत में शामिल होने आए मेहमान और परिजन छत पर पहुंचे। बेहोश सिपाही लाल को परिजनों ने रेत के ढेर में दबाया। करीब घंटाभर रेत में दबाने के बाद भी उसकी मूर्छा दूर नहीं हुई। 108 एंबुलेंस से उसे लेकर शाम साढ़े पांच बजे सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का शव सरकारी अस्पताल में रखा था।