डीएम ने क्वारंटाइन सेंटर व हॉस्पिटल में देखीं व्यवस्थाएं
जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने रामलीला इंटर कॉलेज जौहर मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया।
रामपुर, जेएनएन। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने रामलीला इंटर कॉलेज, जौहर यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। वहां उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं एवं क्वारंटाइन किए गए लोगों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की व्यवस्था देखी। अधिकारियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
रामलीला इंटर कॉलेज में क्वारंटाइन किए गए लोगों की भोजन समय पर न मिलने की शिकायत थी। इस पर जिलाधिकारी ने उन लोगों से बात की। अधिकारियों से भोजन वितरण का मेन्यू तथा समय आदि के विषय में जानकारी ली। तहसीलदार सदर ने बताया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाती है। उन्होंने अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन का वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। कहा कि इसमें किसी भी दशा में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने जौहर मेडिकल कॉलेज में बनाए गए एल वन हॉस्पिटल का भ्रमण किया। जहां पर क्वारंटाइन सेंटर में साफ-सफाई व कम्युनिटी किचन में निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन की व्यवस्था देखी। अन्य सुविधाओं के विषय में भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुबोध कुमार शर्मा से जानकारी ली। कहा कि क्वारंटाइन सेंटर सहित पूरे हॉस्पिटल में शासन द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करवाएं। इसके बाद वह जिला चिकित्सालय पहुंचे। वहां पर मरीजों को प्रदान की जा रही चिकित्सीय सेवाएं देखीं। परिसर में अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम भरत तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता व उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार वर्मा आदि उपस्थित रहे।