डीएम ने किया धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण
कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने नवीन मंडी में धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रविवार दोपहर ढाई बजे जिलाधिकारी रामपुर मार्ग स्थित नवीन मंडी परिसर में पहुंचे। डीएम को देखकर अधिकारियों में खलबली मच गई। उन्होंने नवीन मंडी में अलग-अलग स्थानों पर धान क्रय केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी हासिल की। उन्होंने धान क्रय केंद्र प्रभारियों से मशीन द्वारा धान नमी होने की जांच की। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनका शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। किसानों का कहना था कि उनकी धान की फसल में नमी कम होने के कारण भी उनका धान देरी से तौला जा रहा है। डीएम ने गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी रामभरत तिवारी समेत अन्य अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के आदेश दिए। कहा कि धान की फसल तौलने के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएं।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी डाक्टर राजेश कुमार, एसडीएम मिलक ज्योति गौतम, सीओ जयराम, खाद्य विपणन अधिकारी डाक्टर अनुपम निगम, मंडी सचिव उदयवीर सिंह, पीसीयू जिला प्रबंधक सुभाष चंद्र गोयल, कोतवाल माधो सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।