दिल्ली में प्रदर्शन का असर: रामपुर में इंटरसिटी और लखनऊ मेल रद, 110 यात्रियों ने कैंसिल कराए टिकट
दिल्ली में विपक्ष के धरने के कारण रेलवे ने कई ट्रेनें रद्द कीं, जिससे रामपुर से जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस ...और पढ़ें

रेलवे स्टेशन पर खड़े यात्री। जागरण
जागरण संवाददाता, रामपुर। दिल्ली में चल रहे विपक्ष के धरने में जाने वालों की भीड़ काे रोकने के लिए रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द कर दिया था। इनमें रामपुर से होकर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस और लखनऊ मेल भी शामिल थी।
कासगंज से नई दिल्ली तक चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह करीब छह बजे रामपुर पहुंचती है। ऐसे में यह ट्रेन यहां से दिल्ली जाने वाले व्यापारियों के लिए सबसे अच्छा माध्यम है।
इसके अलावा मुरादाबाद, अमरोहा, गाजियाबाद, नोएडा पढ़ाई या नौकरी के लिए जाने वालों को भी इससे अधिक आवाजाही रहती है। इस ट्रेन से यहां से रोजाना करीब 150 से 200 लोग यात्रा करते हैं।
इनमें जनरल टिकट से लेकर रिजर्वेशन से यात्रा करने वाले शामिल रहते हैं। यह ट्रेन 10 अक्टूबर को रद्द कर दी गई थी। इस ट्रेन के लिए 110 यात्रियों ने रामपुर से रिजर्वेशन कराया था।
जबकि 45 लोगों ने जनरल टिकट लिया था। रिजर्वेशन कराने वालों को अपने टिकट रद्द कराने पड़े। हालांकि जनरल टिकट वाले दूसरी ट्रेनों से सफर पर निकल गए।
मुख्य टिकट निरीक्षक गोविंद सिंह जनी ने बताया कि रामपुर होकर जाने वाली गाड़ी संख्या 15303 इंटरसिटी एक्सप्रेस और 12229 लखनऊ मेल को एक दिन के लिए रद्द किया गया था।
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था में जिले से भी गई पुलिस फोर्स
दिल्ली में विपक्ष के धरने को लेकर कई जिलों की पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी देने गई है। अपने यहां से भी रिजर्व पुलिस लाइन से 25 पुलिसकर्मी वहां ड्यूटी के लिए भेजे गए हैं।
रिजर्व पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि नौ अक्टूबर से पुलिसकर्मी ड्यूटी के लिए दिल्ली भेजे गए थे। अभी कोई वापस नहीं लौटा है।
