पांचवें दिन भी नहीं लग सका तेंदुओं का सुराग, कांबिग जारी
पैगंबरपुर गांव में घुसे दो तेंदुओं का पांचवें दिन भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा सका।
जासंबिलासपुर : पैगंबरपुर गांव में घुसे दो तेंदुओं का पांचवें दिन भी कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया। वन विभाग की टीम लगातार जंगल में कांबिग कर रही है। इसके बावजूद सफलता हाथ नहीं लग सकी है। लोगों से सतर्कता बरतने को कहा गया है।
डंडिया के जंगल से घूमते हुए दो तेंदुए शुक्रवार को पैगंबरपुर गांव में घुस आए थे। सूचना पर वन दारोगा ओमप्रकाश सिंह ने वन कर्मियों को लेकर शनिवार को कॉम्बिग। लेकिन, कहीं कुछ पता नहीं चल पाया था। उसके बाद से अलग-अलग स्थानों पर तेंदुये को देखा गया। सोमवार को ग्रामीण खेतों पर काम करने निकले तो एक बार फिर उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। इस पर वे वापस गांव लौट आए थे और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी, जिस पर भय के कारण लोगों ने अपने बच्चों को घरों में कैद कर लिया था। सूचना पर एक बार फिर वन विभाग की टीम गांव पहुंच गई। वन कर्मी रात 12 बजे तक गांव में ही डेरा डाले रहे। मंगलवार की सुबह एक बार फिर विभाग की टीम ने कॉबिग कर तेंदुओं को तलाश किया। वन दारोगा ने बताया कि तेंदुओं की अभी भी खोजबीन की जा रही है।