कांग्रेसियों ने काले गुब्बारे उड़ा कर जताया सरकार का विरोध
कांग्रेसियों ने काले गुब्बारे उड़ा कर जताया सरकार का विरोध
जागरण संवाददाता, रामपुर : कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष को जेल भेज कर सरकार ने मजदूर विरोधी होने का परिचय दिया है। वह प्रदेश महासचिव अली युसूफ अली के कैंप कार्यालय पर चल रहे सेवा सत्याग्रह में बोल रहे थे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने काले गुब्बारों को हवा में उड़ा कर सरकार का विरोध जताया।
श्री कपूर ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गरीब जरूरतमंदों को उनके गंतव्य तक पहुंचाना चाह रहे थे। यह सेवा कार्य था, आंदोलन नहीं। लेकिन, उत्तर प्रदेश सरकार ने साजिश के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भिजवा दिया। इस के साथ ही अन्य कार्यकर्ताओं पर भी फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए हैं। प्रदेश सचिव ब्रह्मस्वरूप सागर ने कहा कि संगठन हर गरीब, मजदूर की झोपड़ी तक जाएगा। हम सरकार को बता देना चाहते हैं कि कांग्रेस दबाव मे आने वाली नहीं है। पूर्व विधायक अली यूसुफ अली ने कहा कि सरकार ने प्रदेश अध्यक्ष को जेल में डाल कर सिद्ध कर दिया है कि वह पूरी तरह से गरीबों के विरोध में काम कर रही है। हम ऐसी सरकार का विरोध करते हैं। अगर किसी गरीब मजदूर की मदद करना गुनाह है तो सरकार बताए कि पुण्य क्या है। जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र देव गुप्ता, शाकिर, महबूब अली, लईक, अबुल हसन, अरशद, बाबू शेख, कमाल पाशा व रऊफ प्रधान आदि रहे।