कांग्रेस करती है हर धर्म-जाति के विकास की बात: यूसुफ
कांग्रेस करती है हर धर्म-जाति के विकास की बात यूसुफ
जागरण संवाददाता, रामपुर : कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के पश्चिमी उत्तर प्रदेश चेयरमैन अली यूसुफ अली के कांग्रेस प्रदेश महासचिव बनने के बाद रामपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी के लिए हमेशा समर्पित रहने की बात कही।
उन्होंने कहा कि संगठन के लिए उन्होंने हमेशा पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया है। अब पार्टी ने उन्हें यह नया दायित्व सौंपा है। इसके लिए वह हाईकमान का आभार व्यक्त करते हैं। कहा कि संगठन ने उनमें जो विश्वास दिखाया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। पार्टी की उन्नति के लिए जोरशोर से मेहनत करेंगे। कहा कि पूरी मेहनत के साथ प्रदेश भर में पार्टी के लिए काम करेंगे। लोगों को पार्टी की नीतियों से अवगत कराते हुए संगठन को मजबूत करने की दिशा में भरपूर परिश्रम उनके द्वारा किया जाएगा। कहा कि वह दिन दूर नहीं जब देश में पार्टी का परचम लहराएगा। कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है, जो हर धर्म व जाति के उत्थान की बात करती है। हर वर्ग के विकास की बात सिर्फ कांग्रेस ही करती है, जबकि अन्य सारे दल जातिगत राजनीति पर जोर देते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी मेहनत करने वालों का उनके परिश्रम का श्रेय अवश्य देती है। एक यह ही दल है, जहां कार्यकर्ताओं को भरपूर सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी मेहनत के साथ पार्टी के लिए जुट जाने को कहा। इस अवसर पर अबुल हसन, लईक मियां, जावेद, मोहम्मद कामिल, इकबाल व हफीज आदि उपस्थित रहे।