लखनऊ के बाद रामपुर में श्रीश्री रविशंकर के खिलाफ तहरीर
रामपुर आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के जिलाध्यक्ष रेहान खां के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में तहरीर दी है।
रामपुर (जेएनएन)। अयोध्या विवाद नहीं सुलझने पर देश में सीरिया जैसे हालात पैदा होने की बात कहने वाले आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्रीश्री रविशंकर के खिलाफ माहौल बनता ही जा रहा है। लखनऊ के बाद अब रामपुर में इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की खातिर तहरीर दी गई है।
रामपुर आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के जिलाध्यक्ष रेहान खां के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में तहरीर दी है। इसमें उन्होंने श्रीश्री पर मुसलमानों के कत्ल करने की धमकी और साजिश रचने का आरोप लगाया। तहरीर में कहा गया है कि कि श्रीश्री रविशंकर ने धमकी भरे अंदाज में अयोध्या विवाद को अदालत से बाहर सुलझाने पर जोर दिया है। मुसलमान स्वेच्छा से मस्जिद वाली जगह मंदिर बनाने के लिए दे दें नहीं तो भारत में सीरिया जैसे हालात हो जाएंगे। ऐसा कहकर श्रीश्री सर्वोच्च न्यायालय की प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने भारत की तुलना सीरिया से करके देश की संप्रभुता को ठेस पहुंचाई है, जो देशद्रोह की श्रेणी में आता है।