बेटी और दामाद को गोली मारने में फंसे बसपा नेता का शस्त्र लाइसेंस होगा निरस्त
जागरण संवाददाता रामपुर प्रेम विवाह करने पर बेटी और दामाद को गोली मारने के आरोपित ऊध
जागरण संवाददाता, रामपुर : प्रेम विवाह करने पर बेटी और दामाद को गोली मारने के आरोपित ऊधम सिंह नगर के बसपा नेता विनोद कुमार गौतम का शस्त्र लाइसेंस रद होगा।
उत्तराखंड के काशीपुर निवासी बसपा नेता विनोद कुमार गौतम की पुत्री कामिनी ने छह दिन पहले टांडा थाना क्षेत्र के सैदनगर गांव निवासी पीएसी जवान प्रशांत कुमार से प्रेम विवाह कर लिया था। इससे खफा बसपा नेता ने शुक्रवार रात उनके घर में घुसकर बेटी और दामाद को गोली मार दी। पुलिस ने विनोद गौतम के साथ ही उसके पुत्र पुत्र रविकांत गौतम और भाई महावीर गौतम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त रिवाल्वर बरामद कर लिया गया है। अब लाइसेंस निरस्त करने के लिए ऊधम सिंह नगर के पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
इंसेट कामिनी की शरीर में अब भी फंसी हैं तीन गोलिया
जासं, मुरादाबाद : बरेली के पीएसी जवान प्रशात कुमार व उसकी पत्नी कामिनी की तबीयत खतरे से बाहर बताई जा रही है। लेकिन कामिनी के शरीर में दागी गई तीनों गोलियां अब तक नहीं निकाली जा सकी हैं। जबकि प्रशात के शरीर में दागी गई दो गोलिया चिकित्सकों ने निकाल दी हैं। चिकित्सकों ने बताया कि कामिनी को खून की कमी थी। रविवार को रिश्तेदारों ने कामिनी को ब्लड डोनेट किया, तब से कामिनी की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। आशियाना चौकी प्रभारी अर्जुन त्यागी ने बताया कि घायल दंपती की हालत पर पुलिस की नजर है। उम्मीद है कि चिकित्सक कामिनी के शरीर में फंसी गोलिया निकालेंगे।