मायावती को भी सबक सिखाए जनता : दुष्यंत
बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रविद्र सिंह रवि ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
रामपुर : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम ने कहा कि रामपुर के लोगों को इस चुनाव में एक नहीं, बल्कि दो व्यक्तियों को सबक सिखाना है। महिलाओं का अपमान करने वाले आजम खां के साथ ही बसपा सुप्रीमो मायावती को भी सबक सिखाना है। आजम ने जयाप्रदा के बारे में अशोभनीय टिप्पणी कर महिला समाज का अपमान किया है। मायावती को भी सपा नेताओं ने बेइज्जत किया था। तब यह बेइज्जती केवल मायावती की नहीं, बल्कि पूरे दलित समाज की थी। मायावती भले ही बेइज्जती करने वालों के साथ मिल सकती हैं, लेकिन उनकी बेइज्जती को समाज नहीं भुला सकता। इस चुनाव में पूरा समाज उसका बदला लेगा। वह आवास विकास कालोनी में बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रविद्र सिंह रवि के यहां हुए कार्यक्रम में बोल रहे थे। रवि ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ बुधवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन लाल सैनी ने रविद्र सिंह रवि और पूर्व सीओ सिटी नरेंद्र पाल सिंह को सदस्यता ग्रहण कराई। वह पिछले महीने ही पुलिस विभाग से सेवानिवृत हुए हैं। इनके साथ प्रधान रवीन्द्र ठाकुर, पूर्व प्रधान अजय राठौर, पूर्व जिला बसपा प्रभारी जगदीश प्रजापति, पूर्व एडीजीसी राकेश सैनी, प्रधान रनवीर सिंह, पूर्व प्रधान रवींद्र श्रीवास्तव, पूर्व प्रधान राजेन्द्र सिंह, प्रधान नरेश कुमार, पूर्व डीजीसी अशोक कुमार पिप्पल, पूर्व सभापति ओमवीर सिंह, बीडीसी जमील अहमद समेत सैकड़ों लोगों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, सूर्य प्रकाश पाल, भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा, काशीराम दिवाकर, हंसराज पप्पू, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता, जागेश्वर दयाल दीक्षित आदि मौजूद रहे।