संजय कपूर ने कहा कि किसानों और मजदूरों की आवाज दबाने में लगी सरकार
रामपुर जेएनएन। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर ने ग्राम चंदपुरा में हुई बैठक में कहा
रामपुर, जेएनएन। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर ने ग्राम चंदपुरा में हुई बैठक में कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार लगातार किसानों और मजदूरों की आवाज दबाने में लगी है। कृषि प्रधान देश में किसानों की खुशहाली व उन्नति सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार को किसानों की नहीं सिर्फ अपने पूंजीपति मित्रों की चिता है। पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने वाले कृषि विरोधी काले कानून रद्द होने चाहिए। सत्ता के अहंकार में भाजपा सरकार ने अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी हैं। अन्नदाताओं को उनके अधिकारों से वंचित रखना और उनके हकों का सरेआम हनन करना, देश की आत्मा के साथ क्रूर अन्याय करने जैसा है। सत्ता के नशे में भाजपा भूल गयी है कि इन्ही किसानों और मजदूरों के वोट के बल पर वह देश पर शासन कर रही है। लगातार ऐसी सर्दी में किसान आंदोलन कर रहे हैं पर सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही। भाजपा सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानून देश में मौजूद एमएसपी, एपीएमसी व्यवस्था के साथ किसानों के अधिकारों को भी ़खत्म करेंगे। इसलिए इन काले कानूनों के खिलाफ देश के अन्नदाताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होना हम सभी की जिम्मेदारी है।
केंद्र सरकार अपना तानाशाही रवैया अपनाकर किसानों की बात अनसुनी कर रही है। किसानों की बात सरकार को समझना चाहिए आखिर सरकार की मंशा क्या है। क्यो देश के किसानों को उनके अधिकार से वंचित किया जा रहा है।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता, ब्लाकाध्यक्ष जीवेंद्र गंगवार, वेदराम यादव, हरिओम सुमन, प्रधान नबी अहमद, जगदीश अवस्थी, अकरम सुल्तान, रमेश मैक्स आदि मौजूद रहे।