बाइक सवारो ने जान जोखिम में डाल पार की नदी
शनिवार को लालपुर स्थित कोसी नदी पर लकड़ी का बना अस्थाई पुल प्रशासन द्वारा बरसात शुरू होने से पहले तोड़ दिया।
टांडा : शनिवार को लालपुर स्थित कोसी नदी पर लकड़ी का बना अस्थाई पुल प्रशासन द्वारा बरसात शुरू होने से पहले तोड़ दिया। लालपुर पुल तोड़ने से क्षेत्र के लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। बाइक सवार लोगों ने जान जोखिम में डालकर कोसी नदी के पानी से ही बाइक गुजारीं।
लालपुर स्थित कोसी नदी का जर्जर पुल जो बड़े वाहनों के लिए काफी समय से बंद चल रहा था। करीब दो वर्ष पूर्व नए पुल के निर्माण की शुरुआत पर तोड़ दिया गया था। इसके स्थान पर नए पुल के निर्माण की शुरुआत भी हो गई थी। पुराने जर्जर पुल के पास लकड़ी का अस्थाई पुल बनाया था। लकड़ी का पुल गंभीर दुर्घटना को ध्यान में रखते हुए हर साल बरसात शुरू होने से पहले ही तोड़ दिया जाता है। पुल टूटते ही क्षेत्र के सैकड़ों गांव के लाखों लोगों के लिए गंभीर समस्या बन जाता है। लोगों को कोसी नदी के पार जाने में दिक्कत व परेशानी का सामना करना पड़ता है। शनिवार दोपहर लकड़ी का पुल प्रशासन ने तोड़ने की शुरुआत कर दी। पुल टूटते ही क्षेत्र के लिए समस्या खड़ी हो गई है। इस बीच कुछ लोगों ने पानी से ही नदी पार की। बाइक सवार भी जान जोखिम में डालकर कोसी नदी से होकर गुजर रहे हैं। लालपुर पुल टूटने पर क्षेत्र के लोगों को लंबा चक्कर काटकर जिला मुख्यालय वाया सैदनगर-प्रानपुर होकर अथवा वाया दोराहा (मुरादाबाद) होकर रामपुर जाना पड़ेगा। आधे घंटे का सफर कई घंटे में पूरा होगा। धन की भी बरबादी होगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप