प्रतियोगिताओं को लेकर बीएओ ने दी जानकारी
प्रतियोगिताओं को लेकर बीएओ ने दी जानकारी
रामपुर : खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम सिंह राणा ने उच्च प्राथमिक विद्यालयों में होने जा रही प्रतियोगिताओं को लेकर अध्यापकों व बच्चों को जानकारी दी। सैदनगर में मॉडल स्कूल, हजरत पुर में उन्होंने कहा कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। इसके अनुसार ब्लॉक स्तर व जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं होनी हैं।
उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताओं के अंतर्गत निबंध लेखन प्रतियोगिता होगी। इसमें बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान एक वरदान व जैव विविधता आदि विषयों पर निबंध लिखना होगा। इसके अलावा विज्ञान विषय संबंधी चित्रकला व पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी कराया जाएगा। विज्ञान व गणित की क्विज प्रतियोगिता भी होंगी। उपरोक्त प्रतियोगिताओं में विकासखंड के प्रत्येक उच्च प्राथमिक विद्यालय से न्यूनतम तीन बच्चों की प्रतिभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसमें छात्रों के साथ-साथ विज्ञान और गणित विषयों के शिक्षक भी सम्मिलित होंगे। इनमें प्रतिभाग करने वाले बच्चों को सर्टिफिकेट दिए जाएंगे। इसके साथ ही प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा। निबंध लेखन में प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी को एक हजार रुपये। द्वितीय स्थान वाले को छह सौ रुपये तथा तृतीय स्थान वाले को चार सौ रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही चित्रकला व पोस्टर प्रतियोगिता, गणित क्विज प्रतियोगिता के लिए भी विजेताओं को इस प्रकार ही पुरस्कृत किया जाएगा। चतुर्थ व पंचम स्थान को सांत्वना पुरस्कार के अंतर्गत एक सौ पचास रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सारी प्रतियोगिताएं 21 नवंबर को संपन्न होंगी। इसके बाद जनपद स्तर पर प्रतियोगिता तथा मॉडल प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।