पुलिस ने दंपती को चरस के साथ किया गिरफ्तार
पुलिस ने दंपती को चरस के साथ किया गिरफ्तार।
बिलासपुर, जासं : पुलिस ने टॉपटेन सूची में शामिल अपराधी व उसकी पत्नी को एक किलो चार सौ बीस ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। मुकदमा दर्ज कर दोनों का चालान कर दिया गया है। उसके पास से फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक, एक तमंचा व दो कारतूस भी बरामद हुए हैं।
मुखबिर की सूचना पर चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह मेहरा फोर्स सहित नैनीताल हाईवे पर बैंकटहॉल के पास पहुंच गए। बताए गए नंबर की बाइक आने पर उसे रोक लिया। उस पर हामिदनगर निवासी साइमन व उसकी पत्नी रेजीना सवार थे। तलाशी ली तो उनके पास से चरस बरामद हुई। जिस पर पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी ब्रजेश कुमार यादव के अनुसार पकड़ा गया युवक टॉपटेन सूची में दर्ज है। उन्होंने बताया कि वे दोनों तस्करी के लिए नगर की ओर आ रहे थे। साइमन पर पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके साथियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही वे भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।