अखिलेश यादव आज रामपुर आएंगे, प्रशासन ने बदला ठहरने का स्थान Rampur News
प्रशासन ने वीआइपी गेस्ट हाउस में की तैयारी रास्ता तैयार कराया। सपा ने आजम खां के हमसफर रिसोर्ट में किया इंतजाम।
रामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को रामपुर आ रहे हैं। उनके लिए समाजवादी पार्टी ने सांसद आजम खां के हमसफर रिसोर्ट में ठहराने की व्यवस्था की है, जबकि जिला प्रशासन ने जौहर यूनिवर्सिटी के बराबर में बने वीआइपी गेस्ट हाउस में इंतजाम किया है। इसके लिए मार्ग तक प्रशासन ने बनाया है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को बरेली होकर शाम को 5.30 बजे रामपुर आएंगे। वह गांधी समाधि के पास रंगोली मंडप में सपा कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। बैठक रात्रि 7.45 बजे तक चलेगी। इसके बाद आजम खां के हमसफर रिसोर्ट में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। अगले दिन लोगों से मिलकर सांसद के आवास पर जाएंगे। हमसफर रिसोर्ट की प्रशासन पहले ही पानी और बिजली काट चुका है। सपा ने यहीं पर ठहरने का इंतजाम किया है। वहीं जिला प्रशासन ने जौहर यूनिवर्सिटी के पास में बने गेस्ट हाउस में ठहरने का इंतजाम किया है। इसके लिए गुरुवार को सौ कर्मचारी लगे रहे, जो रास्ता बनाने के साथ ही बड़ी-बड़ी घास काट रहे थे। तीन बुलडोजर भी लगे थे, जो रास्ते को समतल करने में लगे रहे। इसके अलावा गेस्ट हाउस के अंदर भी साफ सफाई कराई गई। बिजली ट्रांसफार्मर भी बदल दिया गया है।
गेस्ट हाउस में सारी व्यवस्थाएं
वीआइपी गेस्ट हाउस में सारी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सुरक्षा कारणों से भी हमसफर रिसोर्ट के मुकाबले यह गेस्ट हाउस बेहतर है। हमने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आग्रह किया है कि गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करें। उम्मीद है कि वह गेस्ट हाउस में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
आन्जनेय कुमार सिंह, जिलाधिकारी
हमसफर में हैं दो बड़े जेनरेटर
हमसफर रिसोर्ट में सबमर्सिबल लगे हैं और पहले से ही दो बड़े जेनरेटर भी हैं। हमने बिजली और पानी की सारी व्यवस्था कर ली है। इसलिए यहां अखिलेश यादव के ठहरने में कोई दिक्कत नहीं है। उनका हमसफर रिसोर्ट में ही रात्रि विश्राम करने का ही कार्यक्रम है।
अखिलेश कुमार, जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी