नौकर संग फरार महिला ढाई माह बाद लौटी, पति संग गई
घर के नौकर के साथ दो बच्चों की मां फरार हो गई। पत्नी के फरार होने पर पति के पैरों तले जमीन खिसक गई। वह अपने स्तर से पत्नी को तलाश रहा था। दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कहीं जाने की फिराक में टिकट खरीद रहे प्रेमी को पति ने धरदबोचा। परिजनों की सहायता से पत्नी और प्रेमी को कोतवाली ले आया। कोतवाली में देर रात तक बैठक का दौर चला। परिजनों के समझाने और लोकलाज का भय दिखाने पर पत्नी अपने पति के साथ घर चली गई।
जागरण संवाददाता, मिलक : आठ माह के शिशु और सात साल के बेटे को लेकर नौकर संग फरार महिला ढाई माह बाद लौट आई और रजामंदी से पति संग चली गई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति के घर पर युवक नौकरी करता था। युवक का अपने मालिक की पत्नी से प्रेम संबंध हो गए गए। महिला का सात वर्षीय बेटा और आठ माह का नवजात शिशु है। दो नवंबर को वह अपने नौकर के साथ घर से फरार हो गई। पति ने उसकी खोजबीन की। कुछ पता नहीं चला। थक हार-कर पति ने पत्नी की गुमशुदगी की तहरीर कोतवाली में दी। उसने ढाई महीने तक पत्नी की तलाश की। आखिरकार पति की मेहनत रंग लाई। उसे सूचना मिली कि पत्नी और उसका प्रेमी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कहीं जाने के लिए खड़े हैं। बुधवार को पति अपने परिजनों को लेकर दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा। प्रेमी स्टेशन पर टिकट खरीदने के लिए लाइन में खड़ा था। महिला नवजात शिशु को गोदी में लिए हुई स्टेशन परिसर में खड़ी थी। पति और परिजनों को देख दोनों के होश उड़ गए। उन्होंने वहां से फरार होने का प्रयास किया। दोनों सड़क की ओर दौड़े। परिजनों की सहायता से पति ने रेलवे स्टेशन से बाहर दोनों को पकड़ लिया। महिला और उसके प्रेमी को पकड़कर मिलक कोतवाली लाया गया। सूचना पर महिला और प्रेमी के परिजन भी आ गए। कोतवाली परिसर में सात वर्षीय बेटे और आठ माह के नवजात का वास्ता देते हुए पति ने महिला को घर लौटने के लिए कहा जबकि महिला प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ गई। घंटों परिजन और पति महिला को लोकलाज का वास्ता देते हुए समझाते रहे। देर रात महिला पति के साथ जाने के लिए तैयार हो गई। प्रेमी के परिजनों ने महिला के पति से किसी भी प्रकार की कार्रवाई न करने का अनुरोध किया। आखिरकार पति भी मान गया। उसने किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया। वह पत्नी व बच्चों को लेकर घर लौट गया। कोतवाल विरेंदर सिंह ने बताया कि महिला अपनी मर्जी से गई और लौट आई है। कोतवाली में परिजनों और संभ्रांत व्यक्तियों के बीच हुई बातचीत के बाद महिला अपने पति के साथ राजी खुशी चली गई।