बहनों को भाइयों के घर पहुंचाने के लिए दौड़ेंगी 64 बसें
भाई दूज पर्व को लेकर बहनों में उत्साह का माहौल है। इसके लिए रोडवेज डिपार्टमेंट ने भी कमर कस ली है। बहनों को उनके गंतव्य तक ले जाने के लिए रोडवेज ने 64 बसों की व्यवस्था की है।
रामपुर : भाई दूज पर्व को लेकर बहनों में उत्साह का माहौल है। इसके लिए रोडवेज डिपार्टमेंट ने भी कमर कस ली है। बहनों को उनके गंतव्य तक ले जाने के लिए रोडवेज ने 64 बसों की व्यवस्था की है।
कोरोना के चलते लाकडाउन के कारण बहुत सी बहनें रक्षाबंधन पर भी भाइयों की कलाई पर राखी नहीं बांध पाई थीं। उस समय हालांकि रोडवेज द्वारा बसों की व्यवस्था कर दी गई थी। लेकिन, कोरोना के कारण लोग उस समय घरों से कम ही निकल रहे थे। ऐसे में बहनें राखी बांधने के लिए गई तो थीं। लेकिन, संख्या हर साल की अपेक्षा काफी कम थी। इस कारण मायके की याद उन्हें अब बरबस ही उधर की ओर खींचने लगी है। अब भाई दूज का त्योहार आते ही मायके जाने का उत्साह महिलाओं के मन में हिलोरे मारने लगा है। इसको लेकर रोडवेज की ओर से पर्याप्त व्यवस्था की गई है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल वाष्र्णेय ने बताया कि कुल 64 बसों की व्यवस्था की गई है। ये बसें मिलक, बिलासपुर, मुरादाबाद, शाहबाद व बरेली के लिए चलेंगी। इस दौरान दिल्ली जाने वाली बसों को भी लोकल स्टेशनों पर रुकने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि बसों को सैनिटाइज कर दिया गया है। सुबह में स्टेशन छोड़ने से पहले एक बार फिर सैनिटाइज किया जाएगा। इसके अलावा बसों में सवारी बैठाते समय शारीरिक दूरी का भी ध्यान रखा जाएगा। यात्रियों को बस में चढ़ने से पहले मुंह पर मास्क लगाना होगा। साथ ही अपना सैनिटाइजर अनिवार्य रूप से साथ में रखना होगा। बस में चढ़ते समय जिसके भी मुंह पर मास्क नहीं होगा उसे चढ़ने नहीं दिया जाएगा।