अवैध हथियार रखने वालों पर पुलिस का वार
इस साल जनवरी माह से अब तक जिले के विभिन्न थानों पर 545 मुकदमे अवैध शस्त्रों से संबंधित दर्ज किए गए हैं। इनमें 552 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जेएनएन, रामपुर : जिले में अवैध हथियारों का धंधा तेजी से फैल रहा है। चोरी छिपे तमंचे बनाए और बेचे जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने अवैध तमंचे बनाने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान चला रखा है। इस साल अभी तक शस्त्र अधिनियम में 545 मुकदमे दर्ज किया जा चुके हैं। इन मुकदमों में पकड़े लोगों से 500 से ज्यादा तमंचे और चाकू बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिले आंकड़े इस बात के गवाह हैं कि रामपुर अब अवैध असलहों की मंडी बन गया है। आंकड़ों के मुताबिक इस साल जनवरी माह से अब तक जिले के विभिन्न थानों पर 545 मुकदमे अवैध शस्त्रों से संबंधित दर्ज किए गए हैं। इनमें 552 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे 426 तमंचे, दो देशी पिस्टल, दो रायफल, चार बंदूकें और 136 चाकू बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने जिले में शस्त्र बनाने की अवैध रूप से चल रही छह फैक्ट्रियों पर भी छापा मारा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद भी अवैध शस्त्र बनाने और बेचने का धंधा चोरी छिपे चल रहा है। पुलिस इनकी धरपकड़ में लगी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार की जा रही है, जो चोरी छिपे अवैध रूप से शस्त्र बनाते हैं और इनकी सप्लाई करते हैं। तमंचे रखने वालों का भी पता लगाया जा रहा है। साथ ही पूर्व में ऐसे अपराधों में संलिप्त रहे अपराधियों पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।