जिले में 115 विद्यालय केवल एक शिक्षक के सहारे
नगर में 15 तथा देहात में सौ विद्यालय हैं ऐसे यहां पढ़ने वाले डेढ़ लाख बच्चों की शिक्षा चल र
नगर में 15 तथा देहात में सौ विद्यालय हैं ऐसे
यहां पढ़ने वाले डेढ़ लाख बच्चों की शिक्षा चल रही है राम भरोसे जागरण संवाददाता, रामपुर: जनपद के 1626 परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की बड़ी कमी चल रही है। कहीं-कहीं तो पूरा विद्यालय एक ही अध्यापक के भरोसे चल रहा है। नगर में ऐसे 15 तथा देहात में करीब सौ विद्यालय ऐसे हैं। इस के चलते यहां पर पढ़ने वाले डेढ़ लाख बच्चों की शिक्षा बस राम भरोसे ही चल रही है। 69 हजार शिक्षकों की भर्ती होने पर राहत मिलने के आसार नजर आ रहे थे। लेकिन, अब इस पर ग्रहण लगने के बाद एक बार फिर यह समस्या वहीं की वहीं नजर आ रही है।
स्टाफ की कमी के चलते इन विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था अपेक्षा के अनुरूप नहीं चल पा रही है। 69 हजार शिक्षकों की भर्ती को हरी झंडी मिलने के बाद स्कूलों में नए शिक्षकों की नियुक्ति की संभावना प्रबल हो गई थी। ऐसे विद्यालयों के दिन बहुरने की उम्मीद जाग उठी थी, जो एक शिक्षक के भरोसे ही चल रहे हैं। नगर में ऐसे 15 विद्यालय हैं, जबकि देहात क्षेत्र में सौ विद्यालयों में केवल एक ही शिक्षक व्यवस्था को धकेलने के प्रयास में लगा है। दरअसल, जनपद में एक हजार प्राथमिक विद्यालय व 626 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। इनमें 163714 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। जिनको शिक्षा देने का दायित्व मात्र 3500 शिक्षकों के कंधों पर है। 1626 विद्यालयों में डेढ़ लाख से अधिक बच्चों को पढ़ाने के लिए केवल 3500 शिक्षक, यह आंकड़ा वास्तव में चिताजनक है। नई भर्ती होने के बाद उम्मीद थी कि इन विद्यालयों के दिन बहुरेंगे। लेकिन, अचानक भर्ती पर रोक के बाद अब फिर से उम्मीद की किरण लुप्त हो चली है। स्टाफ की वास्तव में कमी है। जनपद में 1626 विद्यालय हैं, जिनमें केवल साढ़े तीन हजार शिक्षकों की नियुक्ति है। अब भर्ती को लेकर आने वाले निर्णय पर ही उम्मीदें टिकी हैं। उम्मीद है कि कुछ बेहतर होगा।
-ऐश्वर्या लक्ष्मी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी