यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 16, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
केमरी में डायरिया से युवक की मौत

रामपुर। केमरी में डायरिया पीड़ितों की संख्या बढ़ती जा रही है। डायरिया से एक युवक की मौत हो गई। परिवार में कोहराम मचा है।
गर्मी में सफाई व्यवस्था दुरुस्त न रहने से संक्रामक रोग फैल रहे हैं। नगर के मुहल्ला सिंघाड़ियान निवासी पैंतीस वर्षीय जाकिर अली को तीन दिन पूर्व उल्टी-दस्त आए थे, जिसके चलते उसे निजी चिकित्सक के भर्ती कराया गया। निजी चिकित्सक से उपचार में आराम नहीं मिला। रविवार को युवक की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान रात में उसकी मौत हो गई, जिससे परिजनों में चीख पुकार मच गई। परिजन शव घर ले आए। मौके पर भीड़ लग गई। विदित हो कि इन दिनों गर्मी के चलते बुखार और उल्टी दस्त की चपेट में लोग अधिक आ रहे हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जिसके चलते मरीजों को निजी चिकित्सकों व झोलाछाप की शरण में जाना पड़ रहा है, जहां उनका शोषण होता है। पीएचसी के प्रभारी डा. अमरीश कुमार का कहना है कि मरीजों को पर्याप्त उपचार दिया जा रहा है।
