यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 24, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Raebareli News: हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल राजपूत पर नौ लाख की धोखाधड़ी का आरोप, एफआइआर दर्ज
हरचंदपुर से समाजवादी पार्टी के विधायक राहुल राजपूत पर नौकरी दिलाने के नाम पर नौ लाख की धोखधड़ी करने का ...और पढ़ें

रायबरेली, जेएनएन। हरचंदपुर विधायक राहुल राजपूत के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। उनके भाई और साले को भी आरोपित बनाया गया है। एफसीआइ में नौकरी दिलाने के नाम पर नौ लाख रूपये ऐंठने का आरोप तीनों पर लगाया गया है।
विधायक ने राजनीतिक साजिश के तहत एफआइआर दर्ज कराए जाने का आरोप लगाया है। खीरों के दुलारेपुर मजरे रनापुर निवासी राम नरेश ने बताया कि राहुल, उनके भाई रोहित और साले कृष्ण कुमार लोधी ने मिलकर उनके साथ धोखाधड़ी की है। राम नरेश के भाई को भारतीय खाद्य निगम में नौकरी दिलाने के नाम पर नौ लाख रूपये लिए गए।
कई महीनों तक गुमराह किया गया। फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दिया गया। फर्जीवाड़ा का जब पता चला तो आरोपितों से रूपये वापस करने के लिए कहा गया, जिस पर राम नरेश और उनके परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दी जा रही हैं। खीरों थाने में तीनों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है।
थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि केस की विवेचना शुरू कर दी गई है। जल्दी ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विधायक राहुल राजपूत का कहना है कि धोखाधड़ी का आरोप झूठा है। उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
