धारदार हथियार से गला रेतकर युवक को मार डाला
रायबरेली कोतवाली क्षेत्र के कपूरपुर मजरे जमुरावां गांव के युवक की गला रेतकर हत्या कर
रायबरेली : कोतवाली क्षेत्र के कपूरपुर मजरे जमुरावां गांव के युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव गांव से कुछ दूर पर गोसाईंबाग के बगल गड्ढे में पड़ा मिला। वारदात में दो लोगों को आरोपित बनाया गया है, जोकि जीजा-साले हैं। मामले में एक शख्स को हिरासत में लिया गया है।
कपूरपुर गांव निवासी संजय यादव उर्फ शिवानंद (23) पुत्र अर्जुन शनिवार की शाम छह बजे घर से टहलने निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं आया तो पुलिस को सूचना दी गई। गांव वालों ने बताया कि वह गांव के आशीष और जिहवा गांव के लवलेश के साथ बोलेरो से जाते देखा गया। लवलेश आशीष के बड़े भाई का साला है। शंका के आधार पर पुलिस पहले लवलेश के घर गई। वहां उसकी बोलेरो मिली, जिसमें खून के निशान थे। मगर, लवलेश भाग गया। इधर, आशीष को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पर रात में संजय का कहीं पता नहीं चला। रविवार को भोर में करीब 4.30 गांव से लगभग एक किमी दूर गोसाईं बाग के पास उसके चप्पल पड़े मिले। पुलिस ने आसपास गहन छानबीन की तो हलोर-जमुरावा मार्ग के किनारे एक गड्ढे में संजय का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। उसके गले को किसी धारदार हथियार से रेता गया था। कंधे पर भी चोट के निशान थे।
कोतवाल अरुण कुमार सिंह ने पूरे मामले की जानकारी तुरंत उच्चाधिकारियों को दी। जिस पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. प्रतिभा त्रिपाठी अपनी टीम के साथ साक्ष्य संकलन के लिए घटनास्थल पर पहुंचीं। एएसपी नित्यानंद राय ने भी मौके पर जाकर तफ्तीश की। कोतवाल ने बताया कि लवलेश और आशीष के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। लवलेश के मिलने पर इस केस की हकीकत सामने आने की उम्मीद है। हत्या क्यों की गई, इसके बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।
.. मैं तो बाइक से छोड़ने गया था
पुलिस की गिरफ्त में आशीष सिंह है। उसने बताया कि वह संजय को बाइक पर बैठाकर लवलेश के पास छोड़ आया था। जोकि अपनी बोलेरो से गोसाईं बाग के पास खड़ा था। उसके बाद क्या हुआ, उसे नहीं पता।