कोरोना से महिला और बुजुर्ग की मौत, मिले 72 नए केस
- गदागंज थाने में तैनात दो उप निरीक्षक और नौ सिपाहियों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
रायबरेली : कोरोना का संक्रमण दिनों दिन तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को कोरोना से महिला और बुजुर्ग की मौत हो गई। दोनों का इलाज एल-2 हॉस्पिटल रेलकोच में चल रहा था। अब तक इस बीमारी से जनपद में 57 लोगों की जान जा चुकी है। 72 नए मरीज मिले हैं।
जगतपुर की महिला मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव मिली थी। उसका इलाज एल-1 फैसिलिटी सेंटर में चल रहा था। बुधवार की रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। महिला को एल-1 से एल-2 हॉस्पिटल ले जाया गया मगर, उसकी जान बचाई नहीं जा सकी। शहर के फिरोज गांधी कॉलोनी निवासी 81 वर्षीय वृद्ध की भी कोरोना से मौत हुई है। सलोन एसबीआइ में कार्यरत फील्ड अफसर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई है। बैंक बंद करके सैनिटाइजेशन के लिए नगर पंचायत से पत्राचार किया गया है। साथ ही संक्रमित अफसर को होम आइसोलेट किया गया है।
गदागंज थाना प्रभारी कुछ दिन पहले कोरोना संक्रमित मिले थे। उन्हें थाने पर ही आवास में आइसोलेट किया गया है। दो दिन पहले यहां के पूरे स्टाफ का सैंपल लिया गया। जिसकी रिपोर्ट गुरुवार को आ गई। इसमें दो उप निरीक्षक और नौ सिपाही संक्रमित मिले हैं। सभी को एल-1 फैसिलिटी सेंटर भेजा गया है। खीरों के जेनापुर गांव में दंपती और उनका 14 वर्षीय बेटा पॉजिटिव मिला है। सभी को एल-2 फैसिलिटी सेंटर में रखा गया है। यहां मिले मरीज
शहर में सम्राट नगर, स्वराज नगर, खाली सहाट, आचार्य द्विवेदी नगर, कैलाशपुरी, गुरुनानक नगर के अलावा पोरई डीह, महराजगंज, पूरे भोला डलमऊ, ऊंचाहार, गदागंज, दरीबा, मधुपुरी, बछरावां, डलमऊ, परशदेपुर, बरखुरदारपुर, नसीराबाद, नदी तीर, निहस्था, मुंशीगंज आदि जगह कोरोना संक्रमित मिले हैं। बरतें सावधानी
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि सक्रिय केस 617 हो गए हैं। अब तक कुल 2042 मरीज मिल चुके हैं। संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, रिकवरी दर भी ठीक है। मगर, अभी और सावधानी बरतने की जरूरत है।