विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऊंचाहार-अमेठी रेल लाइन: बजट पास होने के बाद भी 12 साल से अटकी परियोजना, लोगों में निराशा

Published: Wed, 02 Sep 2026 11:16 PM (GMT+05:30)

ऊंचाहार-अमेठी रेल लाइन परियोजना 12 साल बाद भी शुरू नहीं हो पाई है, जिससे स्थानीय लोगों में निराशा है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. ऊंचाहार-अमेठी रेल लाइन परियोजना 12 साल से लंबित है।

  2. यूपीए सरकार ने 2013 में 966 करोड़ की घोषणा की थी।

  3. स्थानीय लोग बेहतर रेल कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे हैं।

जागरण संवाददाता, रायबरेली। बीते 12 वर्षों से यूपीए सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट ऊंचाहार-अमेठी रेल लाइन परियोजना का कार्य आरंभ नहीं हो पाया है। इस परियोजना के प्रति सरकार की उदासीनता से स्थानीय लोगों में निराशा व्याप्त है। बजट पास होने के बावजूद अब तक कोई कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, जिससे लोग इस परियोजना के शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

चार दशक पूर्व अमेठी के सांसद संजय गांधी ने ऊंचाहार से अमेठी को रेल मार्ग से जोड़ने का सपना देखा था, जो तब पूरा नहीं हो सका। यूपीए सरकार ने 2013 में 966 करोड़ की लागत से 66 किलोमीटर रेल लाइन बिछाने की घोषणा की थी। उस समय सांसद राहुल गांधी ने सलोन में इसका शिलान्यास भी किया था, लेकिन लोकसभा चुनाव के कारण कार्य शुरू नहीं हो पाया।

2014 में सत्ता परिवर्तन के बाद इस परियोजना पर संकट के बादल मंडराने लगे। 2019 लोकसभा चुनाव से पहले जुलाई 2018 में रेलवे ने सर्वेक्षण शुरू किया, लेकिन कार्य केवल कागजों तक सीमित रहा। इस ड्रीम प्रोजेक्ट की अनदेखी से क्षेत्रीय लोगों का अमेठी जाने का सपना अधूरा रह गया है।

स्थानीय निवासी जितेंद्र द्विवेदी और दशरथ जायसवाल ने कहा कि सरकार इस परियोजना की ओर ध्यान नहीं दे रही है। अमेठी जाने के लिए रायबरेली की ओर जाना पड़ता है।

शिवकुमार पांडेय, सुरेश पाठक, लोकनाथ वर्मा और रामदेव वर्मा ने कहा कि इस रेल लाइन के निर्माण से अमेठी और ऊंचाहार के बीच आवागमन सुगम हो जाएगा।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव शिवकुमार पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जिले के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। पूर्व सांसद सोनिया गांधी ने इस लाइन की स्वीकृति और बजट दिलवाया था, लेकिन भाजपा सरकार इसका निर्माण नहीं करा रही है।

वहीं, भाजपा के ऊंचाहार ब्लाक के मंडल अध्यक्ष अरविंद उर्फ पवन सिंह ने कहा कि सरकार सभी वादे पूरे कर रही है और रेल लाइन निर्माण की प्रक्रिया चल रही है।

एसडीएम ऊंचाहार विवेक राजपूत ने बताया कि रेल लाइन बनाने के लिए सर्वे या भूमि अधिग्रहण का कोई आदेश नहीं आया है। आदेश आने पर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।