गला दबाकर युवती की हत्या, दुष्कर्म की आशंका
बछरावां (रायबरेली) थाना क्षेत्र के हरदोई गांव से रविवार को लापता हुई युवती का शव उसी
बछरावां (रायबरेली) : थाना क्षेत्र के हरदोई गांव से रविवार को लापता हुई युवती का शव उसी गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला। उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या से पूर्व दुष्कर्म की आशंका भी जतायी जा रही है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर तहकीकात शुरू कर दी है।
रविवार दोपहर 21 वर्षीय युवती घर से बिना बताए निकली थी। उसके पास मोबाइल भी था। जब देर शाम तक वह नहीं लौटी तो परिवारीजन ने खोजबीन शुरू की। पुलिस को सूचना नहीं दी गई। सोमवार शाम उसका शव गांव से दूर शिवानंद के ट्यूबवेल के पीछे मिला। ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को अवगत कराया। उसके गले में उसी का दुपट्टा कसा हुआ था। मोबाइल भी गायब था। उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। देर शाम पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में ले लिया। खबर लिखे जाने तक परिवारीजन ने पुलिस को तहरीर नहीं दी। गांव वालों के मुताबिक युवती का आचरण बहुत अच्छा था। वह अनुशासित रहती थी। कभी उसके बारे में कोई गलत बात सुनने में नहीं आयी। उसकी हत्या की वजह आशनाई तो नहीं हो सकती, मगर क्योंकि दुष्कर्म की आशंका भी जतायी जा रही है। इसके चलते पूरा गांव हतप्रभ है कि आखिर ये क्या हो गया। कोतवाल रवेंद्र सिंह ने बताया कि हम तहकीकात कर रहे हैं। जल्द ही सच सामने आ जाएगा।