जिपं सदस्य समेत दो लोगों के घर से लाखों की चोरी
सतांव (रायबरेली) गुरुबक्शगंज क्षेत्र के जरिया गांव में सोमवार की रात चोरों ने जिला पंचायत सदस्
सतांव (रायबरेली) : गुरुबक्शगंज क्षेत्र के जरिया गांव में सोमवार की रात चोरों ने जिला पंचायत सदस्य और उनके पड़ोसी के घर को निशाना बनाकर नकदी समेत लाखों कीमत के जेवरात पार कर दिए। सूचना मिलने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महज खानापूरी करके लौट आई। क्षेत्र में चोरी की ताबड़तोड़ वारदातों के बावजूद जिम्मेदार गंभीर नहीं हो रहे हैं।
जिला पंचायत सदस्य करमा देवी का मकान जरिया गांव में है। उनके दो बेटे भानू सिंह और रणवीर सिंह गांव के पास ही ढाबे पर रुके थे। रात में चोरों ने जिपं सदस्य के घर को निशाना बनाया और घर में रखे 40 हजार रुपये, 150 ग्राम सोना, पांच किलो चांदी, उनके पिता रिटायर्ड फौजी स्व. सूरजपाल के मेडल और 90 कारतूस पार कर दिए। उसके बाद उनके पड़ोसी सुरेंद्र सिंह के घर चोर घुसे। उनके घर से भी चोर 1.30 लाख रुपये, करीब 185 ग्राम सोने के आभूषण और लगभग डेढ़ किलो चांदी के आभूषण चोरी कर चुपचाप निकल गए।। सुबह सबसे पहले सुरेंद्र को सुबह तीन बजे वारदात की जानकारी हुई। उन्होंने भानू को कॉल करके चोरी होने की जानकारी दी। फिर पुलिस को दोनों वारदातों से अवगत कराया गया। बावजूद इसके, पुलिस काफी देर से पहुंची। मौके से चोरी गए सामान की सूची नोट करके जिम्मेदार वापस लौट गए। पुलिस की इस कार्यशैली से ग्रामीणों में खासा आक्रोश है। वहीं थाना प्रभारी हरिशंकर प्रजापति का कहना है कि हम जल्द वारदात का राजफाश कर देंगे।
पूर्व प्रमुख के घर हुई चोरी का नहीं हुआ राजफाश
लगभग दो माह पहले कांग्रेसी नेता व पूर्व ब्लाक प्रमुख कमलाकर वर्मा व उनके दो भाइयों के घर पर चोरों ने वारदात की थी। तब सूचना पर एएसपी शशिशेखर सिंह भी जांच करने उनके गांव रसूलपुर गुंडा आए थे, मगर उस वारदात का भी अब तक राजफाश नहीं हो सका है। पुलिस उस वारदात में भी अभी तक लकीर पीट रही है। गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक वारदातों से स्थानीय लोगों में भय व्याप्त हो है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप