सेवानिवृत्त फौजी के घर में लाखों की चोरी
खिड़की की सरिया काटकर घर में दाखिल हुए चोर जेवरात सहित कीमती सामान पर साफ किया हाथ
रायबरेली : खेमानखेड़ा गांव में गुरुवार की रात चोरों ने सेवानिवृत्त फौजी के घर को निशाना और करीब दस लाख कीमत के जेवरात व कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इनके घर पर नौ साल पहले भी चोरी हुई थी, जिसका राजफाश पुलिस नहीं कर पाई थी। दोबारा वारदात होने के बाद घर के लोग दहशत में आ गए हैं।
उक्त गांव निवासी राम प्रकाश अवस्थी सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद अपने गांव में आकर बस गए थे। गुरुवार की रात में वह अपने परिवार के लोगों के साथ दरवाजे पर सो रहे थे। घर के भीतर कोई नहीं था। चोर छत से जीने के रास्ते अंदर आए और खिड़की का सरिया काटकर आंगन में दाखिल हुए। चोरों ने एक-एक कमरे की कुंडी काटकर सारा सामान खंगाल डाला। बक्से व अलमारी में रखे लाखों के जेवरात व 15 हजार नकदी पार कर दी। चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी अंदर से बंद कर दी और दबे पांव निकल गए। शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे राम प्रकाश की नींद खुली तो उन्होंने घर का दरवाजा खोलना चाहा। अंदर से गेट बंद होने पर उन्हें आशंका हुई। वह जब छत पर गए तो घर के भीतर का दशा देख अवाक रह गए। राम प्रकाश ने बताया कि घर में करीब 10 लाख के जेवरात रखे थे, जो चोर उठा ले गए। 2013 में भी उनके घर पर चोरी हुई थी। उस वक्त नौ हजार नकदी और करीब पांच लाख के जेवरात चोरी हुए थे। थानाध्यक्ष हरिकेश सिंह ने बताया कि चोरी की वारदात हुई है। तहकीकात की जा रही है। जल्द ही वारदात का राजफाश किया जाएगा।
दहेज हत्या के तीन आरोपित गिरफ्तार
सलोन: दहेज हत्या के तीन आरोपितों को पुलिस ने जेल भेजा है। इस प्रकरण में अभी चार आरोपितों की गिरफ्तारी शेष है।
ममुनी निवासी रिचा पांडे का शव बुधवार तड़के उसी के बेडरूम में फांसी पर लटका मिला था। उनके पिता अनिल पांडे ने बेटी को फांसी पर लटका कर जान से मारने का आरोप लगाते हुए पति समेत सात लोगो के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कराई थी। बताया था कि दहेज में नकदी व बाइक की मांग पूरी ना होने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि रिचा के पति नितेश, सास सुधा मिश्रा और ससुर अजय मिश्रा को जेल भेज दिया गया है।