CBSE Class 12th result declared : रायबरेली की ऐश्वर्या सिन्हा बनी देश की सेकेंड टाॅपर
केंद्रीय विद्यालय की एश्वर्या ने सीबीएसई की 12वीं परीक्षा में 498 अंक हासिल किए देश की सेकेंड टॉपर
रायबरेली, जेएनएन। उत्तर प्रदेश माध्यामिक शिक्षा परिषद यानी यूपी बोर्ड के 27 अप्रैल को कक्षा 10 व 12 का परिणाम जारी करने के चार दिन बाद आज सीबीएसई बोर्ड ने भी कक्षा 12 का परिणाम घोषित कर दिया है। 12वीं की परीक्षा में कुल 83.40 फीसद छात्र पास हुए हैं। वहीं रायबरेली के केंद्रीय विद्यालय की एश्वर्या ने सीबीएसई की 12वीं परीक्षा में 498 अंक हासिल कर देश की कंबाइन सेकेंड टॉपर बनी।
पढ़ाई में घंटे नहीं क्वालिटी मैटर करती है: एश्वर्या
सफलता का श्रेय माता पिता को देना चाहती हूं, मुझे आगे बढ़ने के लिए उन्होंने हर तरह की कुर्बानियां दी हैं। स्कूल ने मुझे वो बनाया है जो मैं आज खड़ी हूं, आगे में स्कूल को वो दे सकूं ताकि वो मुझ पर प्राउड फील कर सकें। घंटों को मैंने कभी प्राथमिकता नहीं दी। क्वालिटी मैटर करती है, तैयारी मेरी पूरी थी। मैं आइएएस ऑफिसर बनना चाहती हूं। जीवन के हर क्षण कुछ न कुछ सीखने की कोशिश करें सफलता आपको मिलेगी।
रायबरेली शहर के कृष्णा नगर निवासी संजय सिन्हा की बेटी ऐश्वर्या सिन्हा ने ऑल इंडिया में दूसरी रैंकिंग हासिल की है। पिता संजय सिन्हा की गुमटी में छोटी सी स्टेशनरी की दुकान है गरीब परिवार से जुड़ी बेटी ने पूरे देश में नाम कमाया है। इससे पहले वर्ष 2012 में मलेशिया में हुए युवा महोत्सव में भी पहला स्थान हासिल कर विश्व स्तर पर प्रतिभा की चमक बिखेरी थी। यहां पर विश्व के 50 देशों के बच्चों ने भाग लिया था।
संयुक्त रूप से टॉप करने वाली दोनों छात्राएं उत्तर प्रदेश की हैं। करिश्मा अरोड़ा व हंसिका शुक्ला ने संयुक्त रूप से टॉप किया है। दोनों छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है, इनको 500 में से 499 अंक मिले हैं।
करिश्मा अरोड़ा एसडी पब्लिक स्कूल मुजफ्फरनगर की छात्रा हैं। हंसिका दिल्ली पब्लिक स्कूल, मेरठ रोड गाजियाबाद की छात्रा हैं। छात्राओं के टॉप करने की सूचना मिलते ही दोनों के स्कूल के साथ घर में खुशी का माहौल है।
सीबीएसई की चेयरमैन अनिता ने बताया कि 88.7 लड़कियां, 79.5 प्रतिशत लड़के और 83.3 ट्रांसजेंडर पास हुए हैं। हंसिका शुक्ला और करिश्मा अरोड़ा ने इस बार टॉप किया है। दोनों ने ही 499 अंक हासिल किए हैं। उत्तर प्रदेश में सीबीएसई के क्षेत्रीय केंद्र प्रयागराज के साथ ही हर जिले में स्कूलों में हलचल मची है।