एएसपी पर रिटायर्ड दारोगा ने लगाया लूट का आरोप
रायबरेली शहर में इंदिरा नगर चौकी के निकट विवादित मकान को लेकर पुलिस महकमे के अधि
रायबरेली : शहर में इंदिरा नगर चौकी के निकट विवादित मकान को लेकर पुलिस महकमे के अधिकारियों पर संगीन आरोप लगाए गए हैं। रिटायर्ड दारोगा ने एएसपी और सीओ पर घर का ताला तोड़कर लूट का आरोप लगाया है। सीएम को इस आशय का शिकायती पत्र भी भेजा है। सेवानिवृत्त एसआइ रमेश पांडेय पूर्व में जनपद की कई चौकियों व थानों में तैनात रह चुके हैं। उन्होंने इंदिरा नगर चौकी के निकट मकान बनवा लिया था। सेवानिवृत्त होने के बाद वह मकान में ताला लगाकर लखनऊ चले गए। उनका आरोप है कि एएसपी शशिशेखर सिंह और सीओ गोपीनाथ ने उनके मकान का ताला तोड़कर घर में रखा सामान उठा ले गए। उनके मकान पर पुलिस अधिकारी कब्जा करना चाहते हैं। इसीलिए ऐसा किया गया है। इस बाबत सीओ गोपीनाथ का कहना है कि उक्त जमीन पुलिस विभाग की है, जिस पर गलत तरीके से मकान बनाया गया। 2016 में इसी प्रकरण में रमेश पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जिसमें चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है। मकान अर्द्धनिर्मित है। उसमें ताला नहीं लगा था। कोई लूटपाट नहीं की गई। इधर, रिटायर्ड दारोगा के शिकायती पत्र के बाद यहां तैनात पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। कोई उसे भू माफिया में फंसाने की बात कह रहा है तो कोई गिरफ्तार कर जेल भेजने की।
मुझे जानकारी नहीं, शायद मकान बिक गया है : एएसपी शशिशेखर सिंह के मुताबिक वह सेवानिवृत्त दारोगा को जानते ही नहीं और न ही इस प्रकरण की उन्हें जानकारी है। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि उक्त मकान को रमेश पांडेय ने सीओ आफिस में तैनात एक बाबू को बेंच दिया है।