सद्भावना दिवस के रूप में मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती
कांग्रेसीजनों ने भारत रत्न स्व. राजीव गांधी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर डाला प्रकाश
रायबरेली : पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर गुरुवार को उन्हें याद किया गया। शहर से लेकर ग्रामीणअंचल तक जगह-जगह कार्यक्रम हुए। गरीबों को भोजन कराया गया। प्रशासन ने इसे सद्भावना दिवस के रूप में मनाया।
कलेक्ट्रेट के बचत भवन में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने अधिकारियों व कर्मचारियों को सद्भावना दिवस पर शपथ दिलाई। कहा कि जाति, संप्रदाय, क्षेत्र, धर्म अथवा भाषा का भेदभाव किए बिना सभी भारतवासियों की भावनात्मक एकता और सद्भावना के लिए कार्य करें। इसके अलावा विकास भवन, प्रोबेशन कार्यालय, सूचना अधिकारी कार्यालय, समाज कल्याण आदि कार्यालयों में भी सद्भावना दिवस मनाया गया। तिलक भवन में कांग्रेसियों ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर माल्यार्पण किया। जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने उनके जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान कोरोना योद्धाओं का सम्मान भी हुआ। इस मौके पर सईदुल हसन, महताब आलम, वीरेन्द्र यादव, वी.के.शुक्ल, विजयशंकर अग्निहोत्री, महताब आलम, आशीष द्विवेदी, लालआशकिरन प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। शहर के सिविल लाइंस स्थित सिमहैंस हॉस्पिटल में अस्पताल निदेशक डॉ.मनीष सिंह चौहान ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलित किया।
उधर, सरेनी बाजार स्थित कांग्रेस कार्यालय में पूर्व विधायक अशोक सिंह ने कहा कि आज अगर देश में मोबाइल का प्रयोग हो रहा है तो यह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की ही देन है। इस मौके पर जय प्रकाश सिंह, राजन मिश्र, प्रमोद सिंह, सुरेश सिंह, गुड्डू सिंह, विपिन चौधरी आदि मौजूद रहे। लालगंज में गांधी चबूतरा स्थित सामुदायिक सभागार में कार्यक्रम हुआ। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष महेश प्रसाद शर्मा ने कहा कि भारत में संचार क्रांति व कम्प्यूटर लाने का श्रेय राजीव गांधी को ही जाता है। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रविद्र सिंह, ऊषा सिंह, मो. अयूब, राजकुमार द्विवेदी, संजय सिंह, नितिन मिश्र आदि मौजूद रहे।