विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रायबरेली में लापता युवक का शव नदी में मिला, परिवार वालों ने हत्या का आरोप लगाकर किया प्रदर्शन

Published: Mon, 07 Sep 2026 10:56 PM (IST)

रायबरेली में दो दिन से लापता युवक शिवम यादव का शव सई नदी में मिला। परिवार ने हत्या का आरोप ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, रायबरेली। भदोखर के रघुराईया गांव निवासी युवक का शव सोमवार की सुबह कोरचंदामऊ स्थित सई नदी में पड़ा मिला। युवक दो दिन पूर्व घर से निकला था। खोजबीन के बाद भी न मिलने पर परिवारजन ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार को शव मिलने पर परिवारजन ने युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव किया। परिवारजन आरोपितों की गिरफ्तारी तक शव का अंतिम संस्कार न किए जाने की मांग पर अड़ गए। अधिकारियों द्वारा करीब तीन घंटे तक मान मनौव्वल के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।

गांव निवासी शिवम यादव का सोमवार को शव मिला। उसके पिता सरोज कुमार ने बताया कि पुत्र शिवम यादव दो दिन पहले बाजार जाने के लिए घर से निकाला था। देर शाम तक नहीं आया तो तलाश शुरु की गई। शिवम पता नहीं चला। सरोज कुमार का कहना है कि शिवम पूर्ण रूप से स्वस्थ था और उसका किसी से कोई विवाद भी नहीं था।

पोस्टमार्टम के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे सपा के प्रदेश सचिव डॉ. शशिकांत के साथ मृतक के परिवारजन व ग्रामीण शव लेकर थाने पहुंचे। लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने का घेराव कर दिया। परिवारजन का कहना था कि कई घंटे बीतने के बाद भी पुलिस ने अब तक न तो सीसी कैमरों की जांच की न ही मोबाइल नंबर की सीडीआर निकाली। घेराव के सूचना पर एसडीएम सदर और सीओ सिटी थाने पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिवार के लोग अपनी मांग पर अड़े रहे।

करीब तीन घंटे से अधिक समय तक मान मनौव्वल का दौर चलता रहा। जिसके बाद लोग उचित कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुए। सीओ आशीष निगम का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवारजन द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- रायबरेली स्टेशन से साइडिंग तक बिछेगी नई रेल पटरी, माल ढुलाई व्यवस्था में होगा सुधार