रायबरेली में PNG पाइपलाइन बिछाने के चक्कर में टूटी पानी की सप्लाई, 12 हजार लोग पेयजल संकट से परेशान
रायबरेली के अलीमिया चौक में पीएनजी पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पानी की लाइन एक महीने से ठीक नहीं ...और पढ़ें
-1788612100635_m.webp)
HighLights
पीएनजी पाइपलाइन बिछाने से पानी की लाइन क्षतिग्रस्त हुई।
रायबरेली में एक माह से 12 हजार लोग पेयजल संकट में।
जिम्मेदार विभाग मरम्मत में देरी कर रहे, लोग आंदोलन की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। शहर के छोटी बाजार स्थित अलीमिया चौक में पीएनजी गैस पाइप लाइन डालने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पानी की पाइप लाइन करीब एक माह बाद भी ठीक नहीं हो सकी है।
इससे आसपास के मोहल्लों में रहने वाले करीब 12 हजार लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद से कई बार जिम्मेदारों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं कराया गया।
पीएनजी पाइप लाइन डालने के लिए की गई खोदाई के दौरान पानी की लाइन टूट गई थी। इसके बाद से पानी की आपूर्ति प्रभावित है। कई स्थानों पर कम दबाव में पानी पहुंच रहा है, जबकि कुछ इलाकों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। गर्मी और उमस के बीच लोगों को घरेलू जरूरतों के लिए भी पानी जुटाने में परेशानी हो रही है।
सलीम, हसीन, शकील अहमद, गिरजा शंकर, राम मिलन का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी होने के बावजूद पीएनजी व नगर पालिका विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। लोगों ने क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की तत्काल मरम्मत कराने और नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या दूर नहीं हुई तो नगर पालिका कार्यालय में आंदोलन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- चित्रकूट में मंदाकिनी का कहर: बाढ़ में बहा रामघाट का सौंदर्य, मठ-मंदिरों में सालों तक रहेंगे निशान
उधर, नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर का कहना है कि अधिशासी अधिकारी व जलकल विभाग के अवर अभियंता को पानी की पाइप लाइन ठीक कराने के लिए कहा गया था, क्यों अभी तक नहीं ठीक हो सकी, इसकी जांच कराई जाएगी।
