कभी वेस्पा स्कूटर फैक्ट्री से थी जिले की पहचान, अब UPSIDA 95 एकड़ में डेवलप करेगा इंडस्ट्रियल एरिया
रायबरेली के सलोन में पूर्व वेस्पा स्कूटर फैक्ट्री की 95 एकड़ भूमि को यूपीसीडा ने अपने कब्जे में ले लिया ...और पढ़ें

HighLights
पूर्व वेस्पा फैक्ट्री की 95 एकड़ भूमि पर विकास
यूपीसीडा द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में भूखंड आवंटन शुरू
रायबरेली, प्रतापगढ़, अमेठी में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
जागरण संवाददाता, रायबरेली। 80 और 90 के दशक में जिले में कई बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित हुईं। लोगों को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार मिलने लगा। सलोन में औद्योगिक क्षेत्र विकसित हुआ। बड़ी-बड़ी इकाइयां चल पड़ी। एक समय था जब सलोन के बगहा में स्थापित वेस्पा स्कूटर फैक्ट्री के नाम से ही यहां के ग्रामीणों की पहचान हुआ करती थी, वो इसी से जाने जाते थे।
धीरे-धीरे फैक्ट्री के सायरन की आवाज बंद हो गई और पूरा क्षेत्र वीरान हो गया। उक्त भूमि यूपीसीडा (उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण) ने वापस ले ली है। अब यहां फिर से औद्यौगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराई जाने लगी है। उम्मीद है कि शीघ्र ही यहां सायरन की आवाज गूंजेगी। इसके प्रयास शुरू हो गए हैं।
1984 में हुई थी फैक्ट्री की स्थापना
बगहा में 95 एकड़ में 1984 में एलएमएल वेस्पा स्कूटर फैक्ट्री की स्थापना की गई थी। उसके बाद सैकड़ों लोगों को उनके घर के पास ही रोजगार मिलने लगा। सलोन विधानसभा क्षेत्र के साथ ही प्रतापगढ़ जनपद तक के लोग भी यहां रोजगार के अवसर तलाशने आते हैं और रोजगार भी मिला। बगहा व आसपास के उमरी गांव की पहचान इसी फैक्ट्री से होने लगी थी।
सलोन में बड़ी इकाई की स्थापना के बाद उम्मीद जगी थी कि यह क्षेत्र औद्योगिक रूप से विकसित हो सकेगा। दो दशक बाद ही फैक्ट्री बंदी के कगार पर पहुंच गई। फैक्ट्री बंद होने के बाद पूरा क्षेत्र वीरान हो गया और तब से आसपास किसी उद्योग की स्थापना नहीं हो सकी थी। अब वेस्पा स्कूटर फैक्ट्री की भूमि को यूपीसीडा ने ले लिया है।
यह भी पढ़ें- बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के लिए लिडार तकनीक से शुरु होगा सर्वे, रायबरेली के 60 गांवों से होकर गुजरेगी Train
यूपीसीडा की ओर से 95 एकड़ क्षेत्रफल में प्लाट बनाए जा रहे हैं, ताकि लघु उद्योग स्थापना की ओर कदम बढ़ सके। प्लाट आवंटन की प्रक्रिया भी दिसंबर से शुरू हो गई है। औद्योगिक इकाइयां स्थापित होने से एक फिर रोजगार के अवसर लोगों को मिल सकेंगे। इसका लाभ सिर्फ रायबरेली ही नहीं बल्कि प्रतापगढ़, अमेठी जनपद के लोगों को भी मिलेगा।
वेस्पा स्कूटर फैक्ट्री भी भूमि पर यूपीसीडा की ओर से प्लाट बनाकर आवंटन किया जा रहा है, ताकि यहां लघु उद्योग स्थापित हो सके। - परमहंस मौर्य, उपायुक्त उद्योग, रायबरेली
