विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रायबरेली में अव्यवस्थाओं के खिलाफ सड़कों पर उतरे स्कूली बच्चे, बिजली, पानी और खाने में कीड़ों की शिकायत को लेकर किया पैदल मार्च

Published: Wed, 09 Sep 2026 10:49 PM (IST)

रायबरेली के जयप्रकाश नारायण सर्वोदय आश्रम पद्धति विद्यालय के छात्रों ने अव्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। बिजली, पानी, भोजन में ...और पढ़ें

News Article Hero Image

संवादसूत्र,बछरावां (रायबरेली)। विकास क्षेत्र के समोधा स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय आश्रम पद्धति विद्यालय की अव्यवस्थाओं से नाराज छात्र बुधवार की देर रात सड़क पर उतर आए। बिजली, पानी, भोजन में कीड़े मिलने, किताबों की कमी, शिक्षकों की कमी समेत कई समस्याओं को लेकर सैकड़ों विद्यार्थियों ने विद्यालय से बछरावां कस्बे तक करीब तीन किलोमीटर पदयात्रा की।

इसके बाद छात्रों ने रेलवे क्रासिंग पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। मौके पर अफरातफरी बनी हुई है। छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। बिजली व्यवस्था ठीक नहीं होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है। पानी की समस्या भी बनी रहती है। विद्यार्थियों ने भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भोजन में कई बार कीड़े मिलने की शिकायत सामने आ चुकी है।

इसके अलावा पाठ्यक्रम के अनुसार सभी किताबें उपलब्ध नहीं होने तथा शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप लगाया। छात्रों के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पहले से ही पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है । लखनऊ प्रयागराज हाईवे की तरफ जा रहे छात्रों को रेलवे क्रॉसिंग की तरफ समझा बुझकर पुलिस ने रोक दिया। उप जिलाधिकारी के मौके पर पहुंचने के आश्वासन के बाद छात्र रेलवे क्रासिंग के पास धरने पर बैठ गए हैं।

काम नहीं आ रहे सोलर पैनल
छात्रों ने बताया कि विद्यालय में सोलर पैनल लगे हुए हैं । पर बैटरी खराब होने के चलते उनसे भी विद्युत आपूर्ति नहीं हो पा रही है । जिसके चलते अंधेरा होते ही पढ़ाई बाधित हो जाती है । कई बार शिकायतों के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं की गई है ।

कूड़े में फेंक देते हैं प्रधानाचार्य शिकायती पत्र
छात्रों ने आरोप लगाया है कि कई बार उन्होंने शिकायती पत्र देने के बाद प्रधानाचार्य अवधेश प्रसाद यादव को शिकायती पत्र डस्टबिन में फेंकते हुए देखा है । जब कार्यवाही नहीं हुई तो छात्र आंदोलन के लिए मजबूर हुए हैं ।

कभी-कभी निकलते हैं खाने में कीड़े
विद्यालय के प्रधानाचार्य अवधेश प्रसाद यादव ने बताया कि पहले भोजन में कीड़े मिलने की समस्या थी। अब कभी-कभी ही खाने में कीड़े निकलने की शिकायत सामने आती है। उन्होंने बताया कि बाजार में उपलब्ध किताबें बच्चों को उपलब्ध करा दी गई हैं।

जो किताबें बाजार में उपलब्ध नहीं हैं, उनकी जल्द व्यवस्था कराई जाएगी। साफ-सफाई व्यवस्था को भी जल्द बेहतर किया जाएगा। शिक्षकों की कमी के संबंध में विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।

यह भी पढ़ें- रायबरेली में बनेगा यूपी का पहला बागवानी महाविद्यालय, 22 हेक्टेयर जमीन के ट्रांसफर का काम तेज, 50 करोड़ से होगा निर्माण