यूपी के 21000 खाताधारकों को नोटिस भेजेगा डाक विभाग, अकाउंट को लेकर आया ये बड़ा अपडेट
रायबरेली डाक विभाग 21 हजार खाताधारकों के लिए केवाईसी अभियान चलाएगा, जिन्होंने अभी तक अपने खातों की जानकारी अपडेट नहीं की है। विभाग की टीमें घर-घर जाकर नोटिस देंगी।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
रायबरेली में 21 हजार डाक खातों की केवाईसी लंबित।
डाक विभाग घर-घर जाकर खाताधारकों को करेगा जागरूक।
केवाईसी अभियान का उद्देश्य खातों को नियमानुसार अपडेट करना।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। डाक विभाग में संचालित बचत योजनाओं के खाताधारकों को केवाइसी (अपने ग्राहक को जानिए) कराने के लिए विभाग की ओर से अभियान चलाया जाएगा। जिले में दो मुख्य डाकघर और 54 उपडाकघर संचालित हैं। इन डाकघरों में करीब साढ़े तीन लाख खाताधारक हैं।
इनमें करीब 21 हजार खाताधारकों ने अभी तक अपने खातों की केवाइसी नहीं कराई है। ऐसे खाताधारकों को चिह्नित कर विभाग की टीम उनके घर पहुंचेगी और केवाइसी कराने के लिए नोटिस देने के साथ जागरूक भी करेगी।
डाक विभाग में बड़ी संख्या में लोग बचत खाता, आवर्ती जमा, सावधि जमा समेत विभिन्न योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। खातों को नियमानुसार संचालित रखने के लिए केवाइसी प्रक्रिया पूरी होना आवश्यक है। विभाग के स्तर से लगातार खाताधारकों को अपने दस्तावेज अपडेट कराने के लिए कहा जा रहा है। इसके बावजूद करीब 21 हजार खातों में केवाइसी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।
खाताधारकों को किया जाएगा जागरूक
डाक अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि केवाइसी नहीं कराने वाले 21 हजार खाताधारकों की सूची तैयार की जा रही है। विभागीय टीम संबंधित खाताधारकों के पते पर पहुंचेगी। वहां उन्हें नोटिस देकर केवाइसी कराने के लिए कहा जाएगा। इसके साथ ही खाताधारकों को केवाइसी के महत्व और प्रक्रिया की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा, ताकि वह समय से अपने खाते की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सकें।
यह भी पढ़ें- यूपी के 3.54 लाख रसोइयों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, अक्टूबर से खातों में पहुंचेगा बढ़ा हुआ मानदेय
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य खाताधारकों को परेशान करना नहीं, बल्कि उनके खातों को नियमानुसार अपडेट कराना है। टीम द्वारा खाताधारकों को आवश्यक दस्तावेजों और केवाइसी प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी जाएगी। विभाग की ओर से खाताधारकों से अपील की गई है कि वह डाकघर से संबंधित अपने खाते की स्थिति की जानकारी लें और यदि केवाइसी लंबित है तो उसे जल्द पूरा करा लें।
यह भी पढ़ें- त्योहारों से पहले यूपी की 65000 किमी की सड़कें चमकाएगी योगी सरकार, प्रोजेक्ट पर खर्च होंगे 300 करोड़
जिले में करीब साढ़े तीन लाख खाताधारकों तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। ऐसे में लंबित केवाइसी वाले खातों को अपडेट करने के लिए घर-घर संपर्क अभियान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
