रायबरेली में मोबाइल देखते-देखते छत से गिरी बालिका, चीख-पुकार सुन दौड़े परिजन; हालत गंभीर
रायबरेली के राघवपुर गांव में 11 वर्षीय साक्षी मोबाइल देखते हुए छत से गिर गई, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी ...और पढ़ें

HighLights
रायबरेली में 11 वर्षीय बालिका छत से गिरी।
मोबाइल देखते समय संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल में चल रहा उपचार।
संवाद सूत्र, बछरावां (रायबरेली)। इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने या देखने का नशा आज कल लोगों, विशेषकर युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। कई बार लोग मोबाइल पर बात करते समय या मोबाइल देखते समय इस कदर उसमें रम जाते हैं कि उन्हें अपने आस पास के चीजों के बारे में भी नहीं पता चल पाता। इसका उदाहरण पूर्व में हो चुकी कई घटनाएं हैं।
बुधवार की सुबह राघवपुर गांव में भी ऐसी ही एक घटना घटी। जब गांव निवासी राम तीरथ की 11 वर्षीय पुत्री साक्षी मोबाइल देखते देखते छत से नीचे गिर गई। बताया जा रहा है कि साक्षी घर की छत पर मोबाइल चला रही थी। परिवार के लोग नीचे की मंजिल में अपने कामों में लगे थे।
चीख पुकार सुन दौड़े परिवारजन
साक्षी मोबाइल देखते हुए घर पर टहल रही थी। वह मोबाइल में इतना व्यस्त थी कि छत के किनारे कब पहुंच गई उसे पता ही नहीं चला। अधिक किनारे आ जाने के कारण अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई। साक्षी की चीख पुकार सुन परिवारजन दौड़े।
आस पास के लोग भी मौके पर पहुंचे। परिवारजन व ग्रामीणों ने आनन फानन साक्षी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत गंभीर होने के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
