विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब रोडवेज बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे दिव्यांग यात्री, रायबरेली में शुरू हुई नई व्यवस्था

Published: Mon, 28 Sep 2026 01:57 PM (IST)

रायबरेली में दिव्यांग यात्रियों को अब परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. रायबरेली में दिव्यांग यात्रियों को मिलेगी नि:शुल्क बस यात्रा सुविधा।

  2. डिजिटल यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से होगी सुविधा की पहचान।

  3. 40% दिव्यांगता पर एक, 80% से अधिक पर दो नि:शुल्क टिकट।

जागरण संवाददाता, रायबरेली। परिवहन निगम की बसों में अब दिव्यांग यात्रियों को निश्शुल्क यात्रा की टिकट सुविधा मिलेगी। जिले के परिवहन निगम डिपो से संचालित होने वाली करीब 170 बसों में यह व्यवस्था लागू की जा रही है। इससे जिले के 35 हजार से अधिक दिव्यांग यात्रियों को लाभ मिलेगा । सुविधा के लिए दिव्यांग यात्रियों को अपने डिजिटल दिव्यांग कार्ड (यूडीआईडी) का इस्तेमाल करना होगा।

क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि निश्शुल्क यात्रा की सुविधा 40 प्रतिशत दिव्यांगता से शुरू होगी। 40 से 80 प्रतिशत तक दिव्यांगता वाले यात्रियों को एक -एक निश्शुल्क टिकट दिया जाएगा। वहीं, 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले यात्रियों को दो निश्शुल्क टिकट की सुविधा मिलेगी। इससे दिव्यांग यात्रियों को बसों से आवागमन करने में आर्थिक राहत मिलेगी।

निश्शुल्क टिकट की व्यवस्था को डिजिटल माध्यम से जोड़ा गया है। यात्रा के दौरान दिव्यांग यात्री को अपना यूडीआईडी कार्ड परिचालक को दिखाना होगा। परिचालक एटीएम मशीन के माध्यम से कार्ड पर दर्ज क्यूआर कोड को स्कैन करेगा। क्यूआर कोड स्कैन होने के बाद यात्री की दिव्यांगता संबंधी जानकारी सत्यापित होगी और नियमानुसार निश्शुल्क टिकट जारी किया जाएगा।

बड़ी संख्या में दिव्यांग करते हैं बसों में यात्रा

नई व्यवस्था से दिव्यांग यात्रियों को टिकट लेने में सुविधा होगी। उन्हें अलग से किसी प्रमाणपत्र की प्रति लेकर चलने की आवश्यकता नहीं होगी। डिजिटल यूडीआईडी कार्ड के क्यूआर कोड के माध्यम से ही आवश्यक जानकारी सत्यापित की जा सकेगी। इससे टिकट जारी करने की प्रक्रिया भी पारदर्शी और आसान होगी।

जिले में बड़ी संख्या में दिव्यांग यात्री रोजाना इलाज, रोजगार, शिक्षा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बसों से आवागमन करते हैं। निश्शुल्क यात्रा की सुविधा शुरू होने से ऐसे यात्रियों को परिवहन खर्च में राहत मिलेगी।

क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि सभी परिचालकों को व्यवस्था के अनुसार डिजिटल कार्ड का क्यूआर कोड स्कैन कर निश्शुल्क टिकट जारी करने के निर्देश दिए हैं। जिन्होंने बताया कि मशीन में निश्शुल्क टिकट की फीडिंग शुरु करा दिया गया है।

यह भी पढ़ें- आईएनडीआईए गठबंधन में रार! अखिलेश के रायबरेली दौरे के बाद शिवपाल यादव बोले- जसवंतनगर और सैफई में कांग्रेस को नहीं मिलेगा वोट