विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तेज रफ्तार डंपर ने सब्जी विक्रेता को रौंदा, गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन; एक घंटे बाधित रहा आवागमन

Published: Thu, 16 Apr 2026 05:13 PM (IST)

सलोन-परशदेपुर मार्ग पर एक तेज रफ्तार डंपर ने सब्जी विक्रेता मोहम्मद अयाज को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. तेज रफ्तार डंपर ने सब्जी विक्रेता को रौंदा, मौत।

  2. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

  3. पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

संवाद सूत्र, सलोन (रायबरेली)। सलोन-परशदेपुर मार्ग पर गुरुवार को सड़क निर्माण में लगे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार सब्जी व्यापारी को रौंद दिया। हादसे में सब्जी व्यापारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया।

घटना से नाराज मृतक के परिवारजन व ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया और प्रदर्शन करते हुए आरोपित चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। करीब एक घंटे बाद पुलिस व संभ्रांत लोगों के समझाने पर मार्ग बहाल हो सका।

फुटकर सब्जी का कारोबारी थे मोहम्मद अयाज 

नगर पंचायत परशदेपुर के गजियाना मुहल्ला निवासी मोहम्मद अयाज कस्बे की नवीन कृषि मंडी में फुटकर सब्जी का कारोबार करते थे। वह मंडी में सब्जी बेचकर बाइक से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि गद्दीपुर के पास सड़क निर्माण में लगे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से वह डंपर के पहिए के नीचे आ गए और डंपर उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस पर डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस व मृतक के परिवारजन को दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस

जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो परिवारजन व ग्रामीणों ने उन्हें शव नहीं ले जाने दिया। लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपित चालक व वाहन स्वामी को बुलाए जाने की मांग करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने।

कोतवाल व क्षेत्र के संभ्रांत लोगों के हस्तक्षेप से जाम समाप्त कराया जा सका। इस दौरान करीब एक घंटे तक मार्ग अवरुद्ध रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कोतवाल बालेंदु गौतम का कहना है कि अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।