विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रायबरेली में विवाहिता की मौत पर हंगामा, ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाकर किया प्रदर्शन

Published: Fri, 14 Aug 2026 11:32 AM (IST)

रायबरेली में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत के बाद पिता ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत हुई।

  2. दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने प्रदर्शन किया।

  3. पुलिस ने पति सहित चार लोगों पर केस दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, रायबरेली। संदिग्ध परिस्थिति में करंट की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई थी। मृतका के पिता ने पति समेत ससुरारीजन पर दहेज के लिए बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया था।

मामले में कोई कार्रवाई न होने पर गुरुवार को आक्रोशित परिवारजन ने मनीरामपुर नहर पुल व कस्बा स्थित थाना चौराहा पर शव रखकर राजमार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने पति समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया तो परिवारजन माने, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।

नदौरा माफी मजरे पयागपुर नदौरा गांव में बुधवार को टुल्लू पंप में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर रत्ना देवी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। सलोन कोतवाली क्षेत्र के गोड़वा हसनपुर निवासी मृतका के पिता श्यामलाल ने ससुरालीजन पर दहेज की मांग न पूरी होने पर करंट लगाकर बेटी की हत्या किए जा का आरोप लगाते हुए पुलिस को मामले की तहरीर दी थी।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की, इससे आक्रोशित परिवारजन गुरुवार की सुबह कोतवाली का घेराव करने के लिए शव लेकर आ रहे थे। जिन्हें पुलिस ने रास्ते में मनीरामपुर पुल के पास रोक लिया और काफी देर तक उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने और कस्बा के थाना चौराहा स्थित रायबरेली प्रयागराज राष्ट्रीय मार्ग पर शव रखकर विरोध शुरू कर दिया।

करीब आधे घंटे पुलिस और परिवारजन के बीच मान मनौव्वल होती रही। पुलिस ने पति अमरेश, ससुर सदाखेलावन, ननद व सास के विरुद्ध दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया।

साथ ही जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। जिसके बाद खरौली गंगा घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया। कोतवाल ओमप्रकाश राय का कहना है कि पति समेत चार लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।