प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या
जासं, रायबरेली : शहर के राना नगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर शिवाकांत तिवारी को शनिवार रा
जासं, रायबरेली : शहर के राना नगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर शिवाकांत तिवारी को शनिवार रात गोलियों से भून डाला गया। रविवार को उसका शव खाली पड़े मकान की छत पर मिला। घटनास्थल पर शराब की बोतलें भी मिलीं। आशंका है कि साजिश के तहत पहले उसे नशा कराया गया फिर मौत के घाट उतार दिया गया।
बिहार के मूल निवासी सत्य नारायण तिवारी एफसीआइ में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी हैं। इनका आवास राना नगर में है। सत्य नारायण का इकलौता पुत्र शिवाकांत तिवारी उर्फ शिवा शहर में प्रापर्टी डीलर था। शनिवार को काम की बात कहकर वह घर से निकला था। रात में जब घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। रविवार अपराह्न लगभग तीन बजे पुलिस लाइंस के पीछे पासिन का पुरवा में खाली पड़े मकान की छत पर उसका शव मिला। गोलियों से छलनी शव देख हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया। उसकी आंख, गले और सीने में चार गोलियां दागी गई थीं। छत पर प्लास्टिक के गिलास, नमकीन की पैकेट, शराब की बोतलें भी मिलीं। हालांकि, स्थानीय लोगों ने मकान के आसपास किसी को देखे जाने की बात नहीं बताई फिर भी आशंका जताई जा रही है कि हत्यारे चार से पांच की संख्या में रहे होगें। पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में सीओ सिटी शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि रविवार को हमें पासिन का पुरवा में युवक का शव मिला था। मामले का जल्द राजफाश किया जाएगा।