ग्रामीणों ने रोका, तालाब में गोवंश देख चकराईं प्रियंका
खीरों (रायबरेली) उन्नाव में रेप पीड़िता के परिवारजन से मिलने जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रि
खीरों (रायबरेली) : उन्नाव में रेप पीड़िता के परिवारजन से मिलने जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा के काफिले को ग्रामीणों ने रोक लिया। लोगों की बात सुनने वे वाहन से उतरीं, फिर लौट कर बातें सुनने का भरोसा देकर चली गईं। फिर उसी रास्ते से उन्नाव से वापस आईं और वहां एकत्रित लोगों से मिलीं। सड़क किनारे तालाब में मवेशियों को देखकर चौंक पड़ीं। बोलीं.. ये तालाब है या कोई गोशाला।
बेसहारा पशुओं से इलाके का हर किसान परेशान हैं। इसी तरह खानपुर खुष्टी के लोग भी परेशान थे। शनिवार को क्षेत्र में घूम रहे सैकड़ों मवेशियों को स्थानीय लोगों ने पकड़ कर आदर्श तालाब पकरिया में खदेड़कर बंद कर दिया था। इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई, ताकि वे मवेशियों को गोशाला पहुंचाएं। कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी बीच कांग्रेस महासचिव का काफिला उधर आ पहुंचा। किसानों ने काफिला रोक लिया। प्रियंका वाहन से नीचे उतरीं तो किसानों का दर्द फूट पड़ा। बताया कि रातदिन रखवाली के बाद भी फसल बच नहीं रही। तभी एक सैकड़ा से अधिक मवेशी पकड़ कर तालाब में रखे हैं। सभी ने प्रियंका से हालात देखने की बात कही। मगर, कांग्रेस महासचिव ने उन्नाव से लौटकर मिलने और देखने का आश्वासन दिया और चली गईं।
उम्मीद छोड़ चुके थे लोग
लोगों को उम्मीद नहीं थी कि कांग्रेस महासचिव लौटकर मिलेंगी। लेकिन, डेढ़ घंटे का जो वक्त प्रियंका वाड्रा ने लिया था, उसी में वह लौटीं। किसानों से दोबारा मिलीं और तालाब के पास जाकर बंद मवेशियों को देखा। इस दौरान खानपुर खुष्टी के ही बृजेंद्र अवस्थी ने बीमारी की बात बताई तो प्रियंका ने अजय कुमार लल्लू से प्रकरण देखने की बात कही।
बोलीं प्रियंका, पूरे प्रदेश की है समस्या
करीब 10 मिनट प्रियंका वाड्रा ग्रामीणों के बीच रहीं। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि बेसहारा पशुओं की समस्या केवल खीरों क्षेत्र की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में है। हर जगह किसान परेशान हैं। उन्हें इससे निजात दिलाने के लिए मुख्यमंत्री से बात की जाएगी। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
हरकत में आए अफसरान
खबर गांव के लोगों ने पहले ही एसडीएम लालगंज जीतलाल सैनी को दी थी। तब, कोई मौके पर नहीं आया। जब प्रियंका वाड्रा के आने की खबर मिली तो अफसरों के हाथ पैर फूल गए। तहसीलदार लालगंज ऋचा सिंह, बीडीओ कमलाकान्त, डॉ.पंकज कुमार आदि अधिकारी मौके पहुंचे। प्रियंका ने सवाल किए तो बीडीओ ने कहा शाम तक सभी पशु मेरुई गोशाला भेज दिए जाएंगे।