Raebareli Visit : प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर किए हनुमान मंदिर में दर्शन
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों से होंगी रूबरू। 24 अक्टूबर की शाम वह प्रस्थान करेंगी।
रायबरेली, जेएनएन। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को पार्टी की कार्यशाला के दो दिवसीय दौरे पर जिले रायबरेली पहुंच रही हैं। वह लखनऊ से वाया सड़क मार्ग जिले पहुंच रही है। इस दौरान लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बछरावां की सरहद पर स्थित प्रसिद्ध चुरुवा हनुमान मंदिर में दर्शन किया। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी का माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। दौरे पर पूरा फोकस प्रशिक्षण कार्यक्रम रहेगा। फिलवक्त क्षेत्र भ्रमण के संबंध में कोई सूचना प्रशासनिक अमले को नहीं दी गई है।
दिल्ली से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचीं। वहां से वाया सड़क मार्ग रायबरेली को रवाना हुईं। चुरुआ बार्डर से लेकर बछरावां, हरचंदपुर, त्रिपुला, रतापुर, सारस होटल, सिविल लाइंस और गोरा बाजार में उनका स्वागत करने की तैयारी कांग्रेसियों ने कर रखी है।
गौरतलब है कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सिर्फ नवगठित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य भाग लेंगे। जिला कांग्रेस को इससे पूरी तरह दूर रखा गया है। दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रियंका गेस्ट हाउस में ही रहेंगी।
पार्टी से जुडऩे की सुगबुगाहट तेज
हाल ही में सदर से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह को लेकर राजनैतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं थी। हालांकि वो चर्चाएं किसी अंजाम तक नहीं पहुंच सकी हैं। मगर, अब एक नई सुगबुगाहट हो रही है। अदिति के ही परिवार के एक सदस्य कांग्रेस से जुडऩे वाले हैं। पार्टी में इस बात को लेकर गुपचुप तरीके से विचार विमर्श चल रहा है। हालांकि संगठन के किसी पदाधिकारी ने इस की पुष्टि नहीं की है।