धर्म परिवर्तन की सूचना पर दौड़ी पुलिस
- सर्वोदय नगर में एक मकान में प्रार्थना करते मिले करीब 50 लोग एसओ ने दी चेतावनी
रायबरेली: मिल एरिया थाना क्षेत्र में रविवार को धर्म परिवर्तन की सूचना से माहौल तनावपूर्ण हो गया। समय से स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और शांति व्यवस्था बहाल कराई।
भाजपा के नगर अध्यक्ष संतोष पांडेय ने सीओ सिटी अंजनी चतुर्वेदी को बताया कि सर्वोदय नगर में एक मकान में हिदुओं का धर्म परिवर्तन करके ईसाइ धर्म का अनुयायी बनाया जा रहा है। सीओ के निर्देश पर एसओ मिल एरिया अरुण सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच की तो पता चला कि एक व्यक्ति मकान में प्रार्थना सभा करा रहा है। यहां मुहल्ले और आसपास के गांव के करीब 50 लोग एकत्रित मिले। उन्होंने पादरी को सख्त हिदायत दी कि प्रार्थना सभा कराने के लिए पहले प्रशासन से अनुमति लें। शारीरिक दूरी का पालन कराएं। सुरक्षा नियमों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने प्रार्थना सभा में आए लोगों से धर्म परिवर्तन को लेकर पूछताछ की। बताया गया कि वे लोग अपनी स्वेच्छा से आए हैं। धर्म परिवर्तन जैसी कोई बात नहीं है। इस बीच वहां भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता पहुंच गए। इन्हें एसओ ने शांत कराकर वापस लौटा दिया।