पाक से मिलती है कांग्रेस की भाषा : पंकज
कुछ दल और नेता पाक के सुर में सुर मिला रहे हैं। देश क्या चाहता है
रायबरेली : कुछ दल और नेता पाक के सुर में सुर मिला रहे हैं। देश क्या चाहता है, यह ये समझने को तैयार नहीं। जनता ऐसे लोगों को सबक सिखा चुकी है। कई दलों की मान्यता तक खतरे में है। यह बातें नोएडा विधायक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह ने कहीं।
भाजपा विधायक शुक्रवार को यहां पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मीडिया से रूबरू थे। कांग्रेस के साथ उन्होंने टीएमसी और कम्युनिष्ट पार्टी पर भी शब्द बाण चलाए। कहाकि कुछ दल के नेता अपने देश में रहकर भी पाकिस्तान से सुर मिला रहे हैं। अन्तत: इन्हें झुकना पड़ा। यू-टर्न लिया। लेकिन, ऐसी नौबत आई ही क्यों। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और कुछ दल के नेताओं ने देश की भावनाओं को समझने की कोशिश नहीं की। उनकी भाषा पाकिस्तान से मिलती रहती है। यही कारण है कि कांग्रेस सिमटती जा रही है। बोले कि अमेठी इस बार जीत ली है। विधान सभा चुनाव में रायबरेली से कई विधायक जीत कर आए हैं। यह बदलाव का ही परिचायक है। अनुच्छेद 370 और 35 ए हटाने से बड़ा इस समय कुछ नहीं हो सकता। यह भी करके प्रधानमंत्री ने दिखाया। इस मौके पर प्रमुख रूप से वीरेंद्र प्रताप सिंह, सुलतानपुर के कादीपुर विधायक राजेश गौतम, सलोन के दलबहादुर कोरी, सरेनी से धीरेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय त्रिपाठी, दिलीप सिंह, पूर्व एमएमसी राजा राकेश सिंह आदि मौजूद रहे।