दीये से लगी आग, वृद्धा जिंदा जली
संसू, बछरावां (रायबरेली) : थाना क्षेत्र के चुरुवा गांव में गुरुवार रात आग से झुलसने से वृद्धा की
संसू, बछरावां (रायबरेली) : थाना क्षेत्र के चुरुवा गांव में गुरुवार रात आग से झुलसने से वृद्धा की मौत हो गई। वृद्धा को बचाने के प्रयास में उसका बेटा भी झुलस गया। उसका इलाज लखनऊ में एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
थाना क्षेत्र के चुरुवा गांव की रहने वाली शिवकली उर्फ जहारा (72) पत्नी गरीबे अपने घर में आंगन के पास चारपाई पर रजाई ओढ़कर सो रही थी। देर रात लगभग दो बजे चारपाई के पास रखे दीपक से रजाई में आग लग गई। रजाई धू-धूकर जलने लगी। हादसे में वृद्धा शिवकली गंभीर रूप से झुलस गई। चीख-पुकार सुनकर मां को बचाने पहुंचा उसका पुत्र लवकुश (33) भी गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान शिवकली की मौत हो गई। लवकुश की हालत अभी खतरे से बाहर बताई जा रही है। वृद्धा की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पर्व की खुशियां मातम में तब्दील हो गई हैं। गांव के लोग भी घटना के बारे में सुनकर स्तब्ध हैं।