सूकर बेचने के विवाद में पत्नी-बेटों ने मार डाला
संवादसूत्र, डीह (रायबरेली) : थाना क्षेत्र के पूरे बेनी मजरे मोहगवां में नौ नवंबर को संदिग्ध हाल
संवादसूत्र, डीह (रायबरेली) : थाना क्षेत्र के पूरे बेनी मजरे मोहगवां में नौ नवंबर को संदिग्ध हालात में अधेड़ की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इसमें मृतक की पत्नी व बेटों को ही आरोपित बनाया गया है। हत्या की वजह सूकर बताए जा रहे हैं।
गांव ननकऊ उर्फ गंगाराम का शव शुक्रवार शाम घर में फांसी से लटका मिला था। उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे। हत्या का संदेह जताते हुए उसके भाई राम सरोहन ने पुलिस को तहरीर भी दी थी। शनिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ननकऊ के शरीर में चोट लगने की पुष्टि हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। राम सरोहन ने बताया कि ननकऊ ने चार सूकर पाल रखे थे। वह उन्हें बेचना चाहता था, जिसका विरोध उसके घरवाले कर रहे थे। इसी के चलते उसकी हत्या की गई है। राम सरोहन की शिकायत पर पुलिस ने ननकऊ की पत्नी किरसना देवी, बेटे दिनेश और राम खेलावन, बेटी सुशीला और साले बबलू निवासी गोंदवारा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। वारदात के बाद से सभी आरोपित फरार चल रहे हैं।
थाना प्रभारी लालचंद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोप सही मिलने पर ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी। सूकर बेचने को लेकर घर में विवाद चल रहा था, ऐसी सूचना है।