अधिवक्ताओं के मान-सम्मान से समझौता नहीं- भदौरिया
सेंट्रल बार के पदाधिकारियों को बार काउंसिल के चेयरमैन जिला जज और अपर जिला जज ने दिलाई शपथ 23 जनवरी को आया था परिणाम कोरोना महामारी के कारण नौ माह तक टलता रहा शपथ ग्रहण समारोह
रायबरेली : सेंट्रल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित किया गया। बार काउंसिल उप्र के चेयरमैन जानकी शरण पांडेय ने सेंट्रल बार के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भदौरिया को और जिला जज अब्दुल शाहिद ने महामंत्री शशिकांत शुक्ल को शपथ दिलाई। अध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ताओं के मान-सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा। वकीलों के हितों की लड़ाई हम लड़ते रहेंगे।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदित्य प्रसाद गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष बृजेंद्र प्रताप सिंह, धर्मेंद्र कुमार अवस्थी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष विकास सिंह चौहान, संयुक्त मंत्री अनिल कुमार प्रजापति, कैलाश बक्श सिंह, सुनील कुमार सिंह मेजर आदि को प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय रवींद्र विक्रम सिंह, अपर जिला जज अरुण कुमार मल्ल, जैगमुद्दीन, विनोद कुमार बरनवाल ने शपथ दिलाई। महामंत्री शशिकांत शुक्ल ने कहा कि अधिवक्ता लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत स्तंभ है। कानूनी लड़ाई लड़कर फरियादियों को न्याय दिलाना हमारा पेशा है। हम ये काम बहुत ईमानदारी से कर रहे हैं और करते रहेंगे। कार्यक्रम में बार काउंसिल उप्र के सह अध्यक्ष प्रशांत सिंह अटल, बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष व सदस्य अखिलेश कुमार अवस्थी, प्रदीप कुमार सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता उमाकांत तिवारी, विकास त्रिपाठी, देवेश शुक्ल, प्रभू कुमार, अरविद सिंह आदि मौजूद रहे। मालूम हो कि चुनाव परिणाम 23 जनवरी को आया था, लेकिन कोरोना के चलते शपथग्रहण अब हो सका।
डीएम-एसपी के जाने से नाराजगी
इस कार्यक्रम में डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसपी श्लोक कुमार भी आए। दोनों अधिकारी महज कुछ देर रुकने के बाद चले गए। इसको लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश दिखा। उनका कहना था कि जब जिला जज उपस्थित रहे तो दोनों अधिकारियों को भी रुकना चाहिए था।