विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पीएम आवास के साथ शौचालय, बिजली और गैस कनेक्शन भी मुफ्त

By JagranEdited By:
Published: Wed, 06 Sep 2017 12:30 AM (IST)

रायबरेली : झोपड़ी और कच्चे घरों में रहकर गुजर-बसर करने वाले परिवारों के लिए प्रधा

पीएम आवास के साथ शौचालय, बिजली और गैस कनेक्शन भी मुफ्त
पीएम आवास के साथ शौचालय, बिजली और गैस कनेक्शन भी मुफ्त

रायबरेली : झोपड़ी और कच्चे घरों में रहकर गुजर-बसर करने वाले परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना में कुछ नई सौगातें जोड़ी गई हैं। इसके तहत जहां लाभार्थी पक्का आवास बना सकेंगे, वहीं शौचालय के लिए भी उन्हें अनुदान मिलेगा। साथ ही बिजली और गैस कनेक्शन भी मुफ्त मिल सकेगा। इससे उनकी कई समस्याओं का समाधान आसानी से हो सकेगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभ पाने वाले गरीबों को अब एक साथ कई योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। सरकार की ओर से पक्का आवास बनवाने के लिए निर्धारित 1.20 लाख रुपये तीन किस्तों में मिलेंगे। पहली किस्त में 40 हजार, दूसरी में 70 हजार, जबकि अंतिम किस्त 10 हजार की होगी। वहीं, जिला पंचायत राज विभाग से शौचालय के लिए 12 हजार रुपये का अनुदान का लाभ मिलेगा। नई व्यवस्था में लाभार्थियों को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत रसोई गैस का कनेक्शन भी दिया जाएगा। दीनदयाल विद्युतीकरण योजना के तहत मुफ्त बिजली कनेक्शन मिलेगा। यही नहीं, गरीबों के लिए जिला पूर्ति विभाग से संचालित राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम की पात्र गृहस्थी में भी शामिल किया जाएगा। इससे उन्हें सस्ते दर में अनाज भी मिल सकेगा।

परिवार के सदस्यों को मिलेगा काम

योजना के तहत जहां आवास का लाभ मिलेगा। वहीं, घर के सदस्य जॉबकार्ड बनवा सकेंगे। साथ ही आवास में स्वयं काम भी कर सकेंगे। इसके तहत मनरेगा से 90 मानव दिवस का लाभ मिल सकेगा। इससे आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी।

सुविधायुक्त आवास के लिए लोन का भी लाभ

सरकार की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.20 लाख दिए जाएंगे। यदि कोई लाभार्थी आवास को अधिक सुविधायुक्त बनाना चाहेगा और इसके लिए उसे अतिरिक्त धनराशि की जरूरत होगी तो शासन से निर्धारित धनराशि के अलावा बैंक से सस्ते ब्याज दर पर 70 हजार रुपये के लोन की भी सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

इनको मिलेगा आवास योजना का लाभ

प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ गरीब परिवारों को दिया जाता है। इसमें 2011 की जनगणना के अनुसार आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को शामिल किया जाता है। प्राथमिकता पर उन लोगों को लाभ मिलता है, जो आवास विहीन अथवा कच्चे मकान में रहते हैं। साथ ही इससे पहले परिवार के किसी सदस्य को लोहिया, इंदिरा आवास या अन्य किसी आवास योजना का लाभ न मिला हो।

प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने वाले परिवारों को एक साथ कई अन्य योजनाओं का भी लाभ मिल सकेगा। शौचालय के लिए सूची डीपीआरओ को भेजी जा रही है। वहीं, बिजली और गैस के साथ-साथ पेयजल कनेक्शन भी मुफ्त मिल सकेगा।

-इंद्रसेन ¨सह, पीडी